Friday, July 3, 2026

मुरैना में गिरनार धर्मयात्रा की भव्य अगवानी, विशाल शोभायात्रा एवं धर्मसभा का आयोजन

मुरैना | शाबाश इंडिया

जैन विश्व संगठन के तत्वावधान में आयोजित दिल्ली-गिरनार धर्मयात्रा के मुरैना आगमन पर गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहरभर में श्रद्धा और उत्साह के माहौल के बीच जैन मित्र मंडल, मुरैना ने यात्रा की अगवानी करते हुए सभी व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की सहभागिता से नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर नजर आया।

मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि गिरनार धर्मयात्रा का शुभारंभ 25 जून को दिल्ली से पूज्य जैनाचार्य विमर्श सागर जी महाराज के आशीर्वाद के साथ हुआ था। 25 दिवसीय यह यात्रा लगभग 2,500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए भगवान नेमीनाथ की निर्वाण स्थली गिरनार जी पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को भगवान नेमीनाथ के निर्वाण कल्याणक के अवसर पर गिरनार पर्वत पर निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा, जिसमें देशभर से लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जैन मित्र मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंदिर समिति के पूर्व मंत्री एडवोकेट धर्मेंद्र जैन ने बताया कि मुख्य संयोजक सतेंद्र जैन के नेतृत्व में कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। बड़ा मंदिर समिति, जैन मित्र मंडल, जिनेंद्र सेवा समूह, महिला मंडलों, बालिका मंडलों तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों ने भक्तिमय वातावरण में धर्मयात्रा का स्वागत किया। यात्रा के आयोजकों ने सबसे पहले ज्ञानतीर्थ जिनालय पहुंचकर बड़े बाबा एवं आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

नगर भ्रमण के दौरान भगवान नेमीनाथ की मोक्षस्थली गिरनार पर्वत की आकर्षक झांकी एवं सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ की आरती कर श्रीफल अर्पित किया। शोभायात्रा में जैन भजनों की स्वर लहरियों, धार्मिक नारों और पचरंगी जैन ध्वजों के साथ तिरंगा ध्वज ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। युवा एवं महिलाएं हाथों में ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं, जबकि श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए धर्म प्रभावना का संदेश दे रहे थे।

मुख्य संयोजक सतेंद्र जैन ने बताया कि धर्म, संस्कृति और तीर्थों की रक्षा के उद्देश्य से निकाली जा रही यह यात्रा बड़े जैन मंदिर से प्रारंभ होकर लोहिया बाजार, सराफा बाजार, सदर बाजार, एमएस रोड, रामजानकी मंदिर होते हुए श्री चंद्रप्रभु जिनालय, जीवाजीगंज पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।

बड़े जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा में जैन विश्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन (दिल्ली), चंचल जैन (मेरठ), राजेंद्र भंडारी, बड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल जैन तथा ओमप्रकाश जैन सहित अन्य वक्ताओं ने श्रद्धालुओं से 20 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में गिरनार पहुंचकर निर्वाण लाडू अर्पित करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि गिरनार पर्वत भगवान नेमीनाथ की निर्वाण स्थली होने के कारण अत्यंत पवित्र तीर्थ है और इसकी रक्षा एवं संरक्षण हम सभी का दायित्व है।

धर्मसभा का संचालन एडवोकेट धर्मेंद्र जैन ने किया। कार्यक्रम में राजेंद्र भंडारी, सतेंद्र जैन, मनोज जैन नायक, एडवोकेट पदमचंद जैन, आशीष जैन, राजकुमार जैन, प्रदीप जैन, दिनेश जैन, विनोद जैन, मनीष जैन, प्रवीण जैन, महेशचंद्र जैन, अमर जैन, अभिषेक जैन, नरेश जैन, योगेश जैन, विमल जैन, अनूप भंडारी, निर्मल भंडारी, वीरेंद्र जैन, अनुराग जैन, शैंकी जैन, रानू जैन, पदमचंद चौधरी, नेमीचंद जैन सहित जैन मित्र मंडल के सदस्य, जैन छात्रावास के छात्र, बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar