जयपुर | शाबाश इंडिया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक ने सांगानेर स्थित उपखंड न्यायालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सांगानेर उपखंड अधिकारी विकास प्रजापत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं आमजन को पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में सांगानेर तहसीलदार विपुल चौधरी, अधिवक्तागण, न्यायालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
उपखंड अधिकारी विकास प्रजापत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।


