जयपुर | शाबाश इंडिया।

रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ ने नए रोटरी वर्ष 2026–27 का शुभारंभ सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ दुर्गापुरा गौशाला में गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित कर किया।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रोटेरियन्स ने भाग लिया। सभी सदस्यों ने गौमाताओं को हरा चारा एवं गुड़ खिलाकर गौ सेवा की तथा भारतीय संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अध्यक्ष रोटेरियन अनिल जैन ने कहा कि नए रोटरी वर्ष की शुरुआत सेवा कार्य से करना क्लब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है और समाज के प्रति दायित्व निभाने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने वर्षभर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित करने का संकल्प लिया।
गौशाला परिसर में आयोजित यह सेवा कार्यक्रम उत्साह, सद्भाव और सामाजिक सरोकार का संदेश देने के साथ नए रोटरी वर्ष की प्रेरणादायक शुरुआत बना।


