Tuesday, June 30, 2026

लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव का प्रांतीय पुरस्कार समारोह में शानदार प्रदर्शन, सात पुरस्कारों से हुआ सम्मानित

शाबाश इंडिया | उदयपुर।

लायंस प्रांत 3233 E-2 के वार्षिक प्रांतीय पुरस्कार समारोह में लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल सात प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए। विगत दिनों विजयनगर में आयोजित इस समारोह में प्रांतपाल लायन राम किशोर गर्ग ने वर्षभर की सेवा गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक उत्कृष्टता के आधार पर विभिन्न क्लबों का सम्मान किया।

समारोह में क्लब को समाजसेवा के लिए संसाधन जुटाने की अभिनव पहल ‘लायंस मेला’ के सफल आयोजन पर ‘बेस्ट एक्टिविटी ऑफ द क्लब’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पहल से एकत्रित राशि का उपयोग विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों में किया गया, जिसकी प्रांतीय स्तर पर सराहना की गई।

क्लब अध्यक्ष लायन माधवी शर्मा तथा रीज़न चेयरपर्सन लायन अंजुला अग्रवाल को उनके प्रभावी नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्यों के लिए एक्सीलेंट अवार्ड प्रदान किया गया। वहीं प्रांतीय सभापति लायन कल्पना शर्मा को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए आउटस्टैंडिंग अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा क्लब के सचिव लायन महेश शर्मा, कोषाध्यक्ष लायन आलोक भटनागर, रीज़न सेक्रेटरी लायन सी.पी. शर्मा तथा लायन परमजीत सिंह अरोड़ा को संगठन एवं सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए एप्रिसिएशन अवार्ड प्रदान किए गए।

एक ही वर्ष में सात पुरस्कार प्राप्त करना क्लब की निरंतर सक्रियता, टीम भावना और समाजसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।

वर्षभर क्लब द्वारा गोशाला में कमरे का निर्माण, आमजन के लिए जल मंदिर एवं वाटर कूलर की स्थापना तथा एक दिव्यांगजन को स्कूटी अनुदान जैसे अनेक जनहितकारी कार्य किए गए, जिनसे समाजसेवा के क्षेत्र में क्लब की पहचान और मजबूत हुई।

क्लब पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी सदस्यों के सामूहिक सहयोग और सेवा भावना को देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ जनकल्याणकारी कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar