Tuesday, June 30, 2026

मुनिश्री के सान्निध्य में सर्व समाज सम्मेलन सम्पन्न, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रहे उपस्थित

मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में धर्म, आस्था और समाज एकता पर हुआ उद्बोधन

गुना। शाबाश इंडिया।

गुना में मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में सर्व समाज सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुनि श्री ने जैन दर्शन के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आत्मा की शक्तियों को जागृत करना ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपनी आंतरिक शक्ति को पहचान ले तो सारा जगत विरोध में खड़ा हो जाए, फिर भी उसका कोई अहित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को परिस्थितियों, शत्रुओं या नकारात्मक विचारों से विचलित नहीं होना चाहिए, बल्कि अपने स्वभाव और सत्य पर दृढ़ रहना चाहिए।

मुनि श्री ने आगे कहा कि धर्म किसी एक जाति का विषय नहीं है, बल्कि यह आस्था और श्रद्धा का विषय है। जो व्यक्ति धर्म को अपनाता है, उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देने लगता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने श्रद्धान को मजबूत रखें और आत्मबल को जागृत करें।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुनि श्री के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिवपुरी और ग्वालियर क्षेत्र में जैन समाज की बड़ी उपस्थिति है और वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें मुनि श्री का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सिंधिया ने यह भी कहा कि उनके परिवार की पीढ़ियों को संतों की सेवा का सौभाग्य प्राप्त होता रहा है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।

मध्यप्रदेश महासभा के संयोजक विजय धुर्रा ने कहा कि लगभग 13 वर्षों बाद सर्व समाज सम्मेलन में विभिन्न समाजों और संगठनों को मुनि श्री के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्लभ और ऐतिहासिक अवसर बताया।

सम्मेलन के संयोजक तरुण जैन ने कहा कि यह दिन गुना नगर के लिए ऐतिहासिक रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मुनि श्री के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए पहुंचे। कार्यक्रम में उपस्थित मनोज स्वराज ने सर्व समाज का अभिनंदन व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मुनि श्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए तथा पूरे आयोजन को आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक बताया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar