
सामूहिक लक्ष्मी पूजन, रंगोली, वेशभूषा और पकवान प्रतियोगिताओं में कॉलोनीवासियों ने उत्साह से लिया भाग
जयपुर (शाबाश इंडिया)। सांगानेर मेन वाटिका रोड स्थित आशादीप ग्रीन्स कॉलोनी में इस वर्ष दीपावली का पंचदिवसीय महापर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। उत्सव की शुरुआत सामूहिक लक्ष्मी पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सजे-धजे घरों, झिलमिलाती रोशनी और पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्थाओं के बीच कॉलोनीवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर लोग पारंपरिक, सुंदर एवं रंग-बिरंगे परिधानों में नजर आए। उत्सव के दौरान विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कॉलोनीवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में वेशभूषा, बेस्ट कपल, रंगोली, हाउस डेकोरेशन एवं सजावट, दीया व माला डेकोरेशन शामिल रहीं। वहीं बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश के सुंदर चित्र बनाए। इसके अलावा बेस्ट मिठाई एवं पकवान प्रतियोगिता में महिलाओं ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिनका सभी ने आनंद लिया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रीन पटाखे चलाए गए और सभी ने आतिशबाजी का आनंद लिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। सभी ने एक-दूसरे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर दीपोत्सव की यादगार पलों को कैमरे में संजोया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. राजीव सक्सेना, प्रेम सिंह गुर्जर, बालकिशन, ऋषि गुप्ता, हनुमान सिंह, अनुज जैन, राजेंद्र शर्मा, संगीता सक्सेना, नीता, ज्योति, ममता शर्मा, आभा, गीता, रिचा, मीमांसा, भावना, तनु, रामरती, वैष्णवी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं दीपावली प्रेमी उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से आयोजन यादगार बन गया।


