Friday, October 30, 2026

महावीर पब्लिक स्कूल में कला और विरासत पर विशेष सत्र, कलाकार श्री जैन कमल ने दिया विश्व शांति एवं अहिंसा का संदेश

जयपुर | शाबाश इंडिया।

महावीर पब्लिक स्कूल, सी-स्कीम, जयपुर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और सौंदर्यबोध विकसित करने के उद्देश्य से ‘आर्ट, हेरिटेज एंड एस्थेटिक्स’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात कलाकार श्री जैन कमल ने विद्यार्थियों को कला, भारतीय विरासत, अहिंसा और विश्व शांति का महत्त्व समझाते हुए प्रेम, करुणा, सद्भाव एवं सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के पूर्व अध्यक्ष श्री एन.के. सेठी, वर्तमान अध्यक्ष श्री उमराव मल सांघी, कोषाध्यक्ष श्री महेश काला, संयोजक श्री सुदीप ठोलिया एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा जैन ने मुख्य अतिथि श्री जैन कमल के साथ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों एवं प्रधानाचार्या ने माला, शाल, साफा और पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। श्री एन.के. सेठी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री जैन कमल ने कहा कि कला केवल रंगों और रेखाओं का संयोजन नहीं, बल्कि विचारों एवं संवेदनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का सम्मान करने, अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने तथा अहिंसा, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें मौलिक चिंतन एवं निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

समापन अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री उमराव मल सांघी ने विद्यालय पधारकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा जैन ने ज्ञानवर्धक सत्र के आयोजन में सहयोग के लिए संस्था के सदस्यों तथा विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए श्री जैन कमल का हार्दिक धन्यवाद किया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य सदस्य श्री प्रवीण छाबड़ा भी उपस्थित रहे।

यह सत्र विद्यार्थियों में कलात्मक अभिरुचि विकसित करने के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, विश्व शांति, सद्भाव और संवेदनशीलता की भावना जागृत करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar