Thursday, October 1, 2026

सर्वतोभद्र जिनालय में प्रथम वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव संपन्न, क्षमावाणी एवं वात्सल्य मिलन में उमड़ा उत्साह

आगरा | शाबाश इंडिया।

श्री सर्वतोभद्र जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार तथा सकल जैन समाज, ग्रेटर कमला नगर, आगरा के तत्वावधान में न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में प्रथम वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे श्री सर्वतोभद्र जिनालय से भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जो बल्केश्वर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस जिनालय पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पालकी यात्रा का स्वागत किया। जिनालय पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान आदिनाथ का पूजन किया गया।

इसके उपरांत सौभाग्यशाली भक्तों द्वारा स्वर्ण कलशों से भगवान आदिनाथ का कलशाभिषेक एवं शांतिधारा की गई। अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

महोत्सव के दौरान आयोजित समारोह में मंदिर के पुजारी, त्यागी एवं व्रतीजनों का सम्मान किया गया। साथ ही बाहर से पधारे अतिथियों एवं समाज के अन्य लोगों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में क्षमावाणी एवं वात्सल्य मिलन का आयोजन विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर समाज के लोगों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया।

शाम को मंदिर में भव्य आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान जैन समाज के लोगों में विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला।

इस अवसर पर राजीव जैन, रजत जैन, पंकज जैन, समकित जैन, मनीष जैन, सुरेश जैन, सुमेर पाड़या, शुभम जैन, बबिता जैन, खुशबू जैन, मीनाक्षी जैन, रिमझिम जैन, दीपा जैन, सरोज जैन सहित श्री सर्वतोभद्र जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar