
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री मुल्तान दिगम्बर जैन मंदिर, आदर्श नगर, जयपुर में दशलक्षण महापर्व 2026 के पावन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में श्री मुल्तान दिगम्बर जैन महिला मंडल द्वारा भव्य एवं मनमोहक नृत्य-नाटिका ‘आदि से अनंत तक’ प्रस्तुत की गई। नाटिका के माध्यम से भगवान आदिनाथ के जीवन के विभिन्न चरणों को ज्ञानवर्धक, धार्मिक एवं संगीतमय अंदाज में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
मुल्तान महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मधु जैन एवं मंत्री श्रीमती नम्रता जैन ने बताया कि इस अनूठी प्रस्तुति में मुल्तान समाज की विभिन्न आयु-वर्गों की लगभग 70 महिलाओं ने उत्साह, उमंग और पूर्ण समर्पण के साथ भाग लिया। मुल्तान मंदिर के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं ने एक साथ सहभागिता करते हुए इस तरह की भव्य नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय रहा।
‘आदि से अनंत तक’ नृत्य-नाटिका भगवान आदिनाथ के जीवन पर आधारित रही। प्रस्तुति में उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से भावपूर्ण एवं रोचक तरीके से मंचित किया गया। धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भगवान आदिनाथ के जीवन और उनके संदेशों से जोड़ने का प्रयास किया।
महिला मंडल की सांस्कृतिक मंत्रियों श्रीमती कविता जैन एवं श्रीमती शीतल जैन ने बताया कि नाटिका को देखने के लिए आदर्श नगर के साथ-साथ जयपुर के अन्य क्षेत्रों एवं समाज के अनेक लोग भी उपस्थित हुए। दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए महिला मंडल की मेहनत, समर्पण और रचनात्मकता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वविख्यात एवं आदरणीय श्री रमेश मुल्तानी रहे। राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष श्री प्रदीप जैन एवं श्री विनोद जैन ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा महिला मंडल की मातृशक्ति को आशीर्वाद एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। कार्यक्रम ने दशलक्षण महापर्व के धार्मिक वातावरण को सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के साथ और भी जीवंत बना दिया।
इस खूबसूरत और अनोखी नृत्य नाटिका की निर्देशक और कोरियोग्राफर सुश्री सेजल जैन जी हैं।


