
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
खेल मैदान में मेहनत, अनुशासन और जीत के जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए फतेहपुरा स्थित द यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सोमवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में संस्थापक निदेशक संदीप सिंघटवाडिया, प्रिंसिपल कनिका बहरानी एवं वाइस प्रिंसिपल अनुभा जैन ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संदीप सिंघटवाडिया ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल जीत या हार का नाम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने का माध्यम है। विद्यालय का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक प्रतिभावान विद्यार्थी को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
प्रतियोगिता में वुशु में हिंद कुमावत एवं लक्ष्य सिंह खारवाड़, जूडो में लक्ष्यराज सिंह चौहान, बॉक्सिंग में हरि रावल तथा कराटे में नयन पंडवाल ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
कुश्ती में मुस्तफा अली, लाखन झा एवं हिमांक वसीता तथा वेटलिफ्टिंग में रौनक प्रजापत ने रजत पदक जीते। वहीं वुशु में नैतिक राजवानिया, युवराज चारण एवं माही डांगी तथा बॉक्सिंग में योगेश सिंह एवं कुणाल सिंह ने कांस्य पदक हासिल किए। कुश्ती में अंजना वैष्णव को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके साथ-साथ कोच धीरज कुमावत, प्रवीण पुरी गोस्वामी एवं विशाल सुथार के नियमित प्रशिक्षण और मेहनत को दिया। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। उनकी उपलब्धियों ने विद्यालय में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


