Thursday, September 17, 2026

कोटा थर्मल में इंजीनियर्स डे पर सेवानिवृत्त अभियंताओं का सम्मान, सांस्कृतिक और गायन प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कोटा | शाबाश इंडिया।

इंजीनियर्स डे के अवसर पर मंगलवार को कोटा थर्मल के न्यू कम्युनिटी सेंटर में थर्मल इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ आरआरवीयुएनएल (टियर) के तत्वावधान में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर के.एल. मीणा, निदेशक (प्रोजेक्ट) तथा विशिष्ट अतिथि इंजीनियर शिखा अग्रवाल, मुख्य अभियंता, कोटा थर्मल रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने अभियंताओं का मार्गदर्शन करते हुए इंजीनियरिंग क्षेत्र में तकनीकी दक्षता, नवाचार, समर्पण और टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभियंताओं को अपने दायित्वों का उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में कोटा थर्मल से सेवानिवृत्त अभियंताओं का सम्मान कर उनके दीर्घकालीन योगदान और सेवाओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। इसके बाद आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और मनमोहक गायन प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। अभियंताओं की प्रतिभाओं से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

टियर के अध्यक्ष इंजीनियर राजीव लोहमी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। वहीं महासचिव इंजीनियर हेमंत नागर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए सभी अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों तथा थर्मल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उप मुख्य अभियंता आरपी मीणा, आरके मंत्री, अशोक चलाना, सुनीता जैन, रवि प्रकाश विजय, निशा झा, सनत शेषमा, नरेन्द्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं टियर कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निशांत शर्मा, मनीष महावर, प्रशांत शर्मा, शिखा शर्मा, प्रज्ञा गहलोत, मनीषा आर्य, शालिनी शर्मा, प्रियंका नागर, हर्षिता, नेहल राठौर, सत्येंद्र वैष्णव, जी.पी. शर्मा, के.के. राघव, तरुण खत्री, गिरिश नागर, स्नेहा यादव और हरदीप कौर ने गायन प्रस्तुतियां दीं।

समारोह का वातावरण सम्मान, उत्साह, सौहार्द और इंजीनियरिंग समुदाय की एकजुटता से सराबोर रहा। आयोजन में सेवानिवृत्त अभियंताओं के योगदान का सम्मान करने के साथ-साथ वर्तमान अभियंताओं को तकनीकी उत्कृष्टता और समर्पण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रिपोर्ट: आज़ाद शेरवानी

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar