
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद् के तत्वावधान में संचालित पद्मावती पब्लिक स्कूल, मानसरोवर के विद्यार्थियों ने मानसरोवर फायर स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों तथा अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी देना रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अग्निशमन वाहनों, विभिन्न उपकरणों एवं सुरक्षा साधनों को करीब से देखा। अग्निशमन कर्मियों ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में शांत रहने, घबराहट से बचने और सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के बारे में भी समझाया।
विद्यार्थियों ने अग्निशमन कर्मियों से विभिन्न प्रश्न पूछकर आग बुझाने की प्रक्रिया, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली को समझा।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, रोचक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानी बरतने की समझ विकसित हुई।
विद्यालय प्रबंधन ने मानसरोवर फायर स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से दी गई ऐसी जानकारी उनके लिए लंबे समय तक उपयोगी और यादगार रहती है।


