
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
व्यवसाय की दुनिया में सही संपर्क, भरोसेमंद संवाद और सहयोग की ताकत को रेखांकित करते हुए अग्रोहा उदयपुर चैप्टर की ओर से होटल जिंजर में ‘अग्रवाल बिजनेस ग्रोथ मीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक बिजनेस लीडर्स, चैप्टर सदस्यों और विजिटर्स ने सहभागिता करते हुए नए व्यावसायिक रिश्तों एवं अवसरों पर चर्चा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल परिचय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उद्यमियों को एक-दूसरे के कारोबार, सेवाओं और विशेषज्ञता से जोड़कर विकास की नई संभावनाएं तलाशना रहा। अध्यक्ष डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सामूहिक प्रगति के लिए ऐसे मंचों को आवश्यक बताया।
उपाध्यक्ष निर्मल अग्रवाल ने सदस्यों के बीच हुए व्यवसाय और उनकी उपलब्धियों की जानकारी दी। सचिव अंकित गर्ग ने चैप्टर की गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। बोर्ड सदस्य सीए रोहन मित्तल, सीए यशवंत मंगल और हेमंत अग्रवाल ने संगठन के ग्रोथ विजन को साझा किया।
डॉ. प्रिया अग्रवाल की बिजनेस प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। इसके माध्यम से सहभागियों को अपनी सेवाओं, विशेषज्ञता और व्यावसायिक संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
अग्रोहा के संस्थापक करण गर्ग ने संगठन के ‘100 शहर, 100 चैप्टर्स’ मिशन की जानकारी देते हुए इसे उद्यमियों के लिए व्यापक सहयोगी नेटवर्क तैयार करने की पहल बताया।
गेस्ट स्पीकर सीए पंकज नेवतिया ने ‘थिंकिंग बिग’ विषय पर प्रेरक विचार साझा करते हुए कहा कि बड़े लक्ष्य, सुनियोजित सोच और मजबूत नेटवर्क व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
स्पीड नेटवर्किंग सत्र आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें प्रतिभागियों ने कम समय में एक-दूसरे से संवाद करते हुए कई नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित किए और संभावित सहयोग के अवसर तलाशे।
फरवरी 2026 में स्थापित अग्रोहा उदयपुर चैप्टर के सदस्यों के बीच छह माह से कम अवधि में 40 लाख रुपये से अधिक का व्यवसाय होना चैप्टर की सक्रियता और ‘मेम्बर्स हेल्पिंग मेम्बर्स’ की सहयोगात्मक संस्कृति का प्रभावी उदाहरण रहा।
कार्यक्रम ने उद्यमियों को नेटवर्किंग, आपसी सहयोग और साझा विकास के माध्यम से कारोबार को नई दिशा देने का अवसर प्रदान किया।
रिपोर्ट/फोटो : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


