
जयपुर | शाबाश इंडिया।
अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ, मानसरोवर संभाग की ओर से रविवार को वरुण पथ दिगंबर जैन मंदिर से ‘मुनि-आर्यिका दर्शन यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा में 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए 11 जिनालयों एवं 30 से अधिक मुनि-आर्यिका संघों के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा का उद्देश्य तीर्थों, जिनालयों एवं साधु-संतों की सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता और संकल्प को मजबूत करना रहा।
यात्रा का शुभारंभ वरुण पथ जैन मंदिर के दर्शन एवं गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ के मंगल आशीर्वाद से हुआ। समाजसेवी राजेंद्र जैन बूंदी वाले, सुभाष पहाड़िया, कमलचंद मनीष छाबड़ा, शैलेंद्र रवि जैन, सुनील गंगवाल, राकेश लुहाड़िया, महावीर बाकलीवाल, सुरेशचंद जैन बांदीकुई वाले सहित अन्य समाजबंधुओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने पंचरंगा ध्वजा दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
मुख्य संयोजक अमित अजमेरा एवं शशांक जैन ने बताया कि तीर्थंकर भगवान के जयकारों के साथ यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रियों ने भट्टारक जी की नसियां में उपाध्याय ऊर्जयंत सागर महाराज, जनकपुरी में आचार्य आदित्य सागर महाराज, मंगल विहार में आर्यिका अर्हमश्री माताजी तथा विवेक विहार में आर्यिका सुविज्ञमती माताजी के दर्शन किए। इसके बाद मुहाना स्थित पारस विहार जैन मंदिर में मुनि विश्व विजय सागर महाराज के दर्शन एवं मंगल आशीर्वाद का लाभ लिया गया। प्रथम चरण के समापन पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक गोठ में सहभागिता की।
यात्रा संयोजक प्रिया बाकलीवाल एवं कोषाध्यक्ष सुदर्शन पाटनी ने बताया कि दूसरे चरण की शुरुआत मीरा मार्ग, मानसरोवर में विराजमान मुनि विलोक सागर एवं मुनि विभोध सागर महाराज के दर्शन से हुई। इसके बाद सांगानेर स्थित चित्रकूट कॉलोनी में विराजमान आचार्य विशद सागर महाराज तथा बिलवा में विराजमान आर्यिका नंगमती माताजी के दर्शन किए गए।
यात्रा पदमपुरा स्थित साधु सेवा तीर्थ पहुंची, जहां आचार्य शशांक सागर महाराज के चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह में यात्रियों ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भजन-भक्ति के साथ अर्घ्य समर्पित कर आचार्यश्री का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के अंतिम चरण में अतिशय क्षेत्र बाड़ा पदमपुरा दिगंबर जैन मंदिर में शाम 6:30 बजे छठे तीर्थंकर भगवान पद्मप्रभु की सामूहिक महामंगल आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ।
अध्यक्ष कुलदीप छाबड़ा ने बताया कि यात्रा में छह बसों एवं छह अन्य वाहनों के माध्यम से 200 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रियों ने 30 से अधिक मुनि एवं आर्यिका संघों तथा 11 जिनालयों के दर्शन का पुण्यलाभ प्राप्त किया। पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
यात्रा में हर्षित गोधा, बाबूलाल जैन बिंदायका, नितेश आंधिका, दिव्या जैन, सुमन सेठी, रवि जैन, राकेश छाबड़ा, जयंत छाबड़ा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
अभिषेक जैन बिट्टू
राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ, जयपुर


