
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जैन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जय जिनेंद्र ग्रुप, महावीर नगर का 10 सदस्यीय दल चार सप्ताह की विदेश यात्रा पर अमेरिका के ओरलैंडो पहुंचा। इस दौरान दल विभिन्न राज्यों की यात्रा कर जैन मंदिरों के दर्शन करेगा तथा जैन समाज के लोगों से मिलकर धर्म एवं संस्कृति से जुड़े विषयों पर संवाद करेगा।
श्री दिगंबर जैन महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री एवं जय जिनेंद्र ग्रुप के सुरेंद्र जैन पांड्या ने बताया कि दल ने ओरलैंडो पहुंचने के बाद पदमपुरा के ऐतिहासिक पंचकल्याणक में आचार्य वर्धमान सागर जी महाराज द्वारा प्रतिष्ठित भगवान महावीर एवं भगवान पारसनाथ की प्रतिमाओं के दर्शन किए।
उन्होंने बताया कि चार सप्ताह की इस यात्रा के दौरान दल अमेरिका के विभिन्न राज्यों में जाएगा और वहां स्थित जैन मंदिरों के दर्शन करने के साथ स्थानीय जैन समाज के लोगों से मुलाकात करेगा। इस दौरान जैन धर्म के सिद्धांतों, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार के साथ धर्म चर्चा भी की जाएगी।
सैन फ्रांसिस्को से शुरू हुई यात्रा
सुरेंद्र जैन पांड्या ने बताया कि दल की अमेरिका यात्रा की शुरुआत सैन फ्रांसिस्को से हुई। एयरपोर्ट से निकलने के बाद दल ने सबसे पहले वहां स्थित जैन मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि इस मंदिर की विशेषता यह है कि यहां दोनों जैन परंपराओं के अनुयायी एक साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे जैन समाज के लोगों से संपर्क बढ़ाना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना और भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाना भी है।
दल में सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन, सुरेश काला, कैलाश जैन, सुरेश सोगानी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।


