सारंगपुर (राजगढ़)। शाबाश इंडिया।

राष्ट्र संत मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ससंघ (18 पिच्छिका) का सारंगपुर नगर में पहली बार भव्य मंगल प्रवेश हुआ। मुनि संघ के आगमन से पूरा नगर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में शामिल होकर मुनि श्री का स्वागत किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने कहा कि मानवीय मूल्यों की चिंता करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य ही नहीं, बल्कि धर्म भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्म करना कठिन बताया जाता है, लेकिन आज जैसी अनुकूलता और सुविधाएं पहले कभी नहीं थीं। आज समाज, सरकार और संस्कृति सभी स्तरों पर धर्म एवं मानवता के कार्य करने के अवसर उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को मानवीय मूल्यों की रक्षा और समाज हित के कार्यों में आगे आना चाहिए।
मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने धर्मसभा का संचालन करते हुए कहा कि सारंगपुरवासियों को पहली बार अहिंसा और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाले राष्ट्र संत मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ससंघ का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि गौरक्षा, जीव दया, संस्कारित शिक्षा और समाज सुधार के अभियानों को आगे बढ़ाने में सभी को सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर इंदौर जैन समाज अध्यक्ष आनंद गोधा, कार्याध्यक्ष नवीन गोधा, महामंत्री हर्ष जैन, कोषाध्यक्ष विजय पाटौदी, भारत वार्षिक कमेटी के उपाध्यक्ष हुकुम काका, उज्जैन जैन समाज अध्यक्ष धर्मेंद्र सेठी, कवि सौरव भंयकर, विकास पटवारी, सुनील बिजोलिया, पीएम सूरत, आनंद रामगंज मंडी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने मुनि श्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने कहा कि सारंगपुरवासियों का सौभाग्य है कि इतने बड़े संत का मंगल प्रवेश नगर में हुआ है। उन्होंने कहा कि तपती दोपहरी में भी मुनि श्री नंगे पैर विहार करते हुए श्रद्धालुओं पर कृपा बरसाने पहुंचे हैं। उन्होंने मुनि श्री से निवेदन किया कि सारंगपुरवासियों को भी कुछ समय तक उनके सान्निध्य का लाभ प्राप्त हो, जिससे नगर धर्म और संस्कारों की गंगा से लाभान्वित हो सके।
इस अवसर पर जैन समाज की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल का पीत वस्त्र, तिलक एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। जैन समाज अध्यक्ष मनोज जैन, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन, जेलर साहब, विकास जैन, सौरव जैन सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
मुनि संघ के आगमन पर बस स्टैंड से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों के साथ श्रद्धालु भक्ति भाव से नाचते-गाते हुए बड़ी मस्जिद, गांधी बाजार, नगर पालिका भवन होते हुए बड़े मंदिर पहुंचे, जहां शोभायात्रा धर्मसभा में परिवर्तित हो गई।
इस अवसर पर जगत कल्याण की भावना से भगवान श्री पार्श्वनाथ स्वामी की महाशांतिधारा मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के मुखारविंद से संपन्न कराई गई। मुनि संघ ने नगर के जिनालयों की वंदना की और इसके पश्चात शाजापुर की ओर मंगल पद विहार किया।
रिपोर्ट : विजय धुर्रा


