जालोर | शाबाश इंडिया

जालोर। विश्व हिन्दू परिषद के सेवा आयाम ‘बजरंग दल सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत बोरली गांव में “एक वृक्ष – सौ संतानों के समान” के संकल्प के साथ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम स्थित मोक्षधाम श्मशान घाट एवं वीर जुझार भूरसिंह की छतरी परिसर में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक 101 पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजाराम ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।कार्यक्रम में विहिप के प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल, सह प्रांत मंत्री महेंद्र सिंह एवं सतीश सिंह राव, जिलाध्यक्ष जोराराम तथा विभाग प्रचारक नारायण सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह राव बोरली, मानसिंह राव, पहाड़सिंह राव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने “आज एक पौधा, कल सुरक्षित भविष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


