Saturday, July 11, 2026

सेवा पखवाड़े के तहत लसाड़िया विद्यालय में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यावर | शाबाश इंडिया।

ब्यावर। महावीर इंटरनेशनल रॉयल द्वारा 1 से 14 जुलाई तक आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लसाड़िया में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना, स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना तथा सेवा और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक बलराज सिंह राठौड़ ने बताया कि विद्यालय की अध्यापिका प्रियंका जैन के समन्वय एवं प्रेरणा से महावीर इंटरनेशनल रॉयल द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के तहत प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. मोहित नाहर ने विद्यार्थियों का निःशुल्क दंत स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा दांतों की नियमित देखभाल, संतुलित आहार और मौखिक स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने की विधि एवं दंत रोगों से बचाव के सरल उपाय भी बताए।स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना राठी ने विद्यालय की बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छ जीवनशैली पर विस्तार से जानकारी देते हुए इस विषय से जुड़ी भ्रांतियों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से निराकरण किया। इस दौरान बालिकाओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।सेवा गतिविधियों के अंतर्गत विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई गई। वहीं विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्था की ओर से 10 डस्टबिन भी भेंट किए गए।महावीर इंटरनेशनल रॉयल के अध्यक्ष अशोक पालड़ेचा ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना तथा सेवा के माध्यम से मानवता के आदर्शों को सशक्त करना है।संभागीय सचिव रूपेश कोठारी ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की भावना को सफलता की कुंजी बताया।कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल रॉयल के सदस्य गौतम रांका, प्रदीप मकाणा, बाबूलाल आच्छा, पूनम मकाणा, टीना रांका, पायल रांका एवं प्रेमलता आच्छा सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि चौहान, वरिष्ठ अध्यापक बलराज सिंह राठौड़, भारती कल्ला, अर्चना शर्मा, प्रीति आचार्य, प्रियंका जैन तथा विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिवार ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अंत में प्रधानाचार्या निधि चौहान ने महावीर इंटरनेशनल रॉयल एवं उपस्थित चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक बलराज सिंह राठौड़ ने किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar