जयपुर | शाबाश इंडिया।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रविवार का दिन परिवार और मित्रों के साथ आनंद के पल बिताने का विशेष अवसर होता है। इसी भावना को साकार करते हुए दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक, जयपुर की ओर से रविवार को सदस्यों के लिए एक आनंददायक पूल पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन मुहाना मंडी के समीप मोहनपुरा स्थित स्काई लैंड 44 वॉटर पार्क में किया गया। दोपहर 1 बजे पहुंचे ग्रुप सदस्यों का स्वागत वेलकम ड्रिंक के साथ किया गया। इसके बाद रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट स्टार्टर के रूप में ब्रेड सैंडविच, मिर्ची बड़ा, वेज पकोड़े, चाय एवं कॉफी का सभी सदस्यों ने आनंद लिया।
जलपान के बाद सदस्यों ने वेव पूल, वॉटर स्लाइड्स, राइड्स और फव्वारों का भरपूर आनंद लिया। गर्मी के मौसम में पूल की ठंडक ने सभी को खासा उत्साहित किया। इस दौरान सदस्यों ने गीत-संगीत, नृत्य और फोटोग्राफी के माध्यम से खुशनुमा माहौल बनाया। मनोरंजन से भरपूर यह समय सभी के लिए यादगार बन गया।
सायं रिसोर्ट के रेस्टोरेंट में सभी सदस्यों के लिए पूर्णतः जैन भोजन की व्यवस्था की गई। सदस्यों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लेते हुए आपसी स्नेह और आत्मीयता को और मजबूत किया।
इस अवसर पर सम्यक ग्रुप की कार्यकारिणी की ओर से नवीन दंपत्ति सदस्य अशोक-अंजू जैन एवं वीरेंद्र-स्नेहा प्रभा जैन का अभिनंदन किया गया। वहीं ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य धनकुमार जैन का जन्मदिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्हें माल्यार्पण, तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रुप अध्यक्ष डॉ. इन्द्र कुमार-स्नेह लता जैन, सचिव नवल-सुनीता जैन, कोषाध्यक्ष मुकेश-कल्पना शाह, संरक्षक महावीर-शकुंतला बिंदायका, संस्थापक अध्यक्ष महावीर-लक्ष्मी बोहरा, विजय-सीमा सोनी, राकेश-ज्योति, धनकुमार-अंजना, रोशन-आशा, अशोक-अंजू जैन, वीरेंद्र-स्नेहा प्रभा जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने की इच्छा जताई। ग्रुप अध्यक्ष डॉ. इन्द्र कुमार जैन ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता पर खुशी जाहिर की।


