ब्यावर | शाबाश इंडिया

श्री वर्द्धमान कन्या पीजी महाविद्यालय, ब्यावर में प्रख्यात फिल्म निर्माता एवं निर्देशक के. सी. बोकाड़िया के सम्मान में प्रेरणादायी एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को भारतीय फिल्म उद्योग के अनुभवी व्यक्तित्व से सीधे संवाद का अवसर मिला, जहां उन्होंने फिल्म निर्माण से लेकर जीवन में सफलता तक के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए।
महाविद्यालय परिसर में आगमन पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. सी. लोढ़ा ने के. सी. बोकाड़िया का पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाकर, माल्यार्पण, उपरना ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर इम्फाल (मणिपुर) की समाजसेविका आरती जैन का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के सफल एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के अनुभवों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि के. सी. बोकाड़िया जैसे प्रतिष्ठित फिल्मकार का महाविद्यालय आगमन छात्राओं के लिए प्रेरणा, सीख और आत्मविश्वास का महत्वपूर्ण अवसर है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. सी. लोढ़ा ने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अतिथियों के अनुभव छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देंगे।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक चरण संवाद सत्र रहा। छात्राओं ने फिल्म निर्माण, निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन, मनोरंजन उद्योग में करियर, नई प्रतिभाओं के अवसर, सफलता के मूल मंत्र तथा फिल्म जगत की चुनौतियों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका के. सी. बोकाड़िया ने विस्तार से उत्तर दिया।
अपने दशकों लंबे फिल्मी अनुभव साझा करते हुए के. सी. बोकाड़िया ने कहा कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।” उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण को सफलता की वास्तविक कुंजी बताया। उनके प्रेरक विचारों और सहज व्यक्तित्व ने छात्राओं को विशेष रूप से प्रभावित किया।
इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष ज्ञानचंद बिनायकिया, कोषाध्यक्ष देवराज लोढ़ा, प्रचार मंत्री महेंद्र सांखला, प्रबंधकारिणी सदस्य दीपचंद कोठारी एवं उत्तमचंद देरासरिया सहित महाविद्यालय के समस्त व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


