ऐलनाबाद | शाबाश इंडिया

सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज की मेधावी छात्राओं ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से संस्थान का गौरव बढ़ाया है। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) द्वारा घोषित बीएससी परीक्षा परिणामों में कॉलेज की दो छात्राओं ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
बीएससी नॉन-मेडिकल छठे सेमेस्टर की छात्रा रमन, पुत्री रोहताश, ने लगातार प्रत्येक सेमेस्टर में विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाए रखते हुए इस बार दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बीएससी मेडिकल छठे सेमेस्टर की छात्रा प्रभजोत, पुत्री कुलवंत सिंह, ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
इस शानदार उपलब्धि पर सीडीएलयू की डीन, इंटरनेशनल रिलेशंस एंड फॉरेन अफेयर्स डॉ. अनु शुक्ला ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज के चेयरमैन ईश कुमार मेहता, एमडी जगदीश मेहता, प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. करुण मेहता एवं डॉली मेहता, सीआरडीएवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के प्रिंसिपल डॉ. रणजीत सिंह तथा सीआरडीएवी स्कूल के प्रिंसिपल कमल मेहता ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान बीएससी मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल विभाग के स्टाफ सदस्य दीपशिखा सरदाना, इंदु कामरा, देवज्योत, शैफी सरदाना, जैस्मीन, रितु, कवलजीत कौर, प्रभजोत कौर, अर्जुन सिंह तथा अनंत कथूरिया सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। छात्राओं की सफलता की खुशी में मिठाइयां वितरित की गईं तथा विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और लगन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्थान के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सीडीएलयू की मेरिट सूची में अपना परचम लहराते रहेंगे।


