शाबाश इंडिया | अशोकनगर।

जैन दर्शन के विश्वविख्यात संत आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का 59वां मुनि दीक्षा दिवस श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी के तत्वावधान में आदिश्वर धाम सुभाषगंज में परम पूज्य मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य श्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा, थूवोनजी के पूर्व कोषाध्यक्ष पदम वाझल पिम्मी, पूर्व मंत्री विनोद मोदी, गोशाला अध्यक्ष दिनेश मैदापुर सहित प्रमुख अतिथियों द्वारा किया गया।
भक्ति भाव के साथ संगीतकार शैलेन्द्र श्रागर के मधुर भजनों के बीच महापूजन संपन्न हुई। पूजन में विभिन्न द्रव्यों के अर्पण का सौभाग्य विभिन्न समाजसेवी मंडलों एवं संस्थाओं को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने अर्घ्य समर्पित कर भक्ति भाव प्रकट किया।
इस अवसर पर मुनि श्री ने कहा कि कठोर साधना के बल पर आचार्य श्री ने मुनि मार्ग को भी सरल बना दिया है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन साधकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने कहा कि यह युग अत्यंत सौभाग्यशाली है जिसमें आचार्य श्री का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री की कठोर साधना और संयम ने युवाओं को मोक्षमार्ग की ओर प्रेरित किया।
पूर्व मंत्री विनोद मोदी ने कहा कि आचार्य श्री के आशीर्वाद से समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार हुआ है और अनेक चातुर्मासों के माध्यम से समाज की दिशा और दशा में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
समारोह में वक्ताओं ने मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज की निष्पक्षता एवं निश्प्रहता की भी सराहना की।
इस अवसर पर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन एवं प्रेरणाओं पर आधारित विशेषांक “मुनि श्री की कृपा” का विमोचन भी किया गया। विमोचन मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा, विनोद मोदी, पदम वाझल पिम्मी, दिनेश मैदापुर सहित अन्य प्रमुख जनों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आचार्य श्री को युगपुरुष बताते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाया गया मोक्षमार्ग आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रहा है।


