राजापार्क स्थित सूरज मैदान में पर्यावरण सेवा के लिए सम्मान समारोह आयोजित

जयपुर। शाबाश इंडिया।
“नाम नहीं, काम बोलता है” की मिसाल पेश करते हुए पर्यावरण कार्यकर्ता एवं चिकित्सक डॉ. किशोर कुमार अरोड़ा को राजापार्क स्थित सूरज मैदान में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय एवं स्वयंसेवी योगदान के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अरोड़ा ने जब देखा कि लगभग 2.40 लाख वर्गफुट क्षेत्र में फैला सूरज मैदान जंगली घास, कांटेदार झाड़ियों, प्लास्टिक कचरे, गुटखा पाउच और अन्य अपशिष्ट पदार्थों से भरा हुआ है, तो उन्होंने स्वयं इस क्षेत्र की सफाई का संकल्प लिया। यह मैदान खेल, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ मॉर्निंग वॉक के लिए भी प्रमुख स्थल है।
उन्होंने बिना किसी औपचारिक सहयोग के लगातार तीन महीनों तक श्रमदान करते हुए फावड़े और अन्य साधनों की सहायता से चरणबद्ध तरीके से पूरे मैदान की सफाई की। उनके इस प्रयास से मैदान पुनः स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बन सका।
इस अवसर पर डॉ. अरोड़ा ने कहा कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गंदगी से न केवल शारीरिक बीमारियाँ बढ़ती हैं, बल्कि मानसिक तनाव भी उत्पन्न होता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता में योगदान दें और गंदगी फैलाने से बचें।
सम्मान समारोह में सीनियर सिटीजन क्लब के सुभाष बत्रा एवं प्रेम मदान ने डॉ. अरोड़ा को दौशाला ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सिख जागृति के संपादक ओंकार सिंह, सीनियर सिटीजन क्लब के जे.आर. गुप्ता, राठी फौजी, चंद्रप्रकाश भाटिया, बॉक्सर कोच राजू एवं कबड्डी कोच विनय खिलाड़ी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. अरोड़ा के सेवा कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।


