
‘धन गुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ की स्वर-लहरियों के बीच श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया 557वां प्रकाश पर्व
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। भोर की पहली किरण के साथ गुरुद्वारा सचखंड दरबार में गुरबाणी की मधुर ध्वनि गूंजी तो वातावरण धार्मिक आस्था के साथ सेवा, समर्पण और मानवता के भावों से सराबोर हो उठा। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं सिख पंथ के संस्थापक धन-धन श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। दिनभर आयोजित धार्मिक एवं जनसेवा गतिविधियों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।
गुरुद्वारा अध्यक्ष सरदार धर्मवीर सिंह सलूजा ने बताया कि प्रकाश पर्व की शुरुआत प्रातः 5 बजे लंगर की तैयारी की सेवा के साथ हुई। संगत और सेवादारों ने विनम्र भाव से सेवा में सहभागिता निभाई। गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में रखे गए सहज पाठ साहिब की समाप्ति सुबह 7 बजे हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरु चरणों में शीश नवाया।
विशेष दीवान में ज्ञानी अजीत सिंह, हजूरी रागी महेंद्र सिंह तथा पंजाब के फगवाड़ा से पधारे पंथ रत्न भाई सुखविंदर सिंह के रागी जत्थे ने मनोहारी गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की करुणा, सत्य, समानता, मेहनत और परोपकार पर आधारित शिक्षाओं को संगत तक पहुंचाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
प्रकाश पर्व को जनसेवा से जोड़ते हुए गुरुद्वारा परिसर में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिसमें कुल 51 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। वहीं, लगभग एक हजार लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ लिया। यह आयोजन गुरु साहिब की उस शिक्षा का जीवंत उदाहरण बना, जिसमें मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म माना गया है।
दोपहर एक बजे से गुरु का अटूट लंगर शुरू हुआ, जो रात्रि 11 बजे तक निरंतर चलता रहा। करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने एक पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। अमीर-गरीब, जाति-पंथ और उम्र के भेद से परे यह दृश्य गुरु नानक देव जी के ‘वंड छको’ अर्थात मिल-बांटकर खाने के संदेश को साकार करता रहा।
गुरुद्वारा परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्प सज्जा से आकर्षक रूप दिया गया। सिख समाज के लोगों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर और रंगीन रोशनी से सजावट कर प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं। शाम के विशेष दीवान में बच्चों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को भावविभोर किया। रात्रि में गर्म दूध की सेवा और भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रमों का उल्लासपूर्ण समापन हुआ।
गुरुद्वारा प्रवक्ता हरदीप सिंह सलूजा ने बताया कि समस्त संगत ने नाम जपने, ईमानदारी से मेहनत करने और मिल-बांटकर खाने की गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : कौशल मूंदड़ा


