
दुर्गापुरा और मीरामार्ग जैन मंदिर में श्रावक-श्राविकाओं ने भक्तिभाव से दी आहुतियां
जयपुर (शाबाश इंडिया)। अष्टान्हिका पर्व के अवसर पर विभिन्न जैन मंदिरों में आयोजित हो रहे विधान का समापन हवन एवं पूर्णाहुति के साथ हुआ। इसी क्रम में श्री दिगंबर जैन मंदिर चंद्रप्रभ जी, दुर्गापुरा में भी विधान का समापन पंडित श्री दीपक जैन शास्त्री के निर्देशन में विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम श्रावक-श्राविकाओं ने शेष पूजा बड़े भक्तिभाव के साथ संपन्न की। इसके बाद आर्यिका 105 सम्मेद शिखर जी एवं आर्यिका 105 केवल श्री माताजी के प्रवचन हुए। उपस्थित श्रद्धालुओं ने माताजी के प्रवचन सुनकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
प्रवचन के पश्चात हवन प्रारंभ हुआ। पंडित दीपक जैन शास्त्री ने हवन की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद श्रावक-श्राविकाओं ने मंत्रोच्चार के साथ घी, धूप एवं अन्य हवन सामग्री की आहुतियां अर्पित कीं। हवन के समापन पर श्रीफल समर्पित किए गए तथा भगवान चंद्रप्रभ की आरती की गई।
इस आयोजन में श्री अशोक-प्रतिभा गोधा, श्रीमती सुमन गोदिका, डॉ. मणि एवं डॉ. शांति जैन मणि का विशेष योगदान रहा। इसी प्रकार मीरामार्ग स्थित जैन मंदिर में भी दुर्गापुरा मंदिर के मंत्री श्री राजेंद्र कालाजी एवं श्रीमती शीला कालाजी ने हवन कर विधान की पूर्णाहुति की।
अंत में डॉ. एम.एल. जैन मणि ने सभी श्रावक-श्राविकाओं का आभार व्यक्त किया।


