
जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ न्यूरो फिजिशियन डॉ. आर.के. सुरेखा ने दी सेवाएं; 15 नए मरीजों की हुई जांच
गुलाबपुरा (शाबाश इंडिया)। श्री प्राज्ञ मिर्गी रोग निवारक समिति, गुलाबपुरा की ओर से माह के चतुर्थ मंगलवार को 24 नवंबर को संस्था परिसर में निःशुल्क मिर्गी रोग शिविर आयोजित किया गया। संस्था के मंत्री पदम चंद खटोड़ ने बताया कि शिविर में जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज एवं हॉस्पिटल, जयपुर के वरिष्ठ न्यूरो फिजिशियन डॉ. आर.के. सुरेखा एवं उनकी टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में कुल 159 मरीजों को परामर्श एवं उपचार का लाभ मिला, जिनमें 15 नए मरीज शामिल थे। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर के लाभार्थी स्वर्गीय पन्नालाल, स्वर्गीय झंकार बाई एवं स्वर्गीय प्रेमचंद पगारिया की पुण्य स्मृति में शांता देवी पगारिया, अजमेर रहीं।
शिविर में अनिल चौधरी ने मरीजों को मिर्गी रोग से बचाव तथा योग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और नियमित रूप से योगाभ्यास करने पर जोर दिया। मंत्री पदम चंद खटोड़ ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। अध्यक्ष घेवर चंद श्रीश्रीमाल ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया, जबकि कोषाध्यक्ष राजेंद्र चोरड़िया ने आभार व्यक्त किया। लाभार्थी परिवार की ओर से निहाल चंद पारख ने सभी मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की। शांता पगारिया, लीला पारख एवं बालकिशन दगदी ने सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पूरे नवंबर माह निःशुल्क भोजन सेवा की व्यवस्था पुखराज चौधरी एवं विमला चौधरी, अजमेर की ओर से की गई। इस सेवा से 280 से अधिक व्यक्ति लाभान्वित हुए। संस्था ने भोजन सेवा के लिए लाभार्थी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में संस्था से जुड़े मदनलाल लोढ़ा, मदनलाल रांका, दिलीप पाराशर, दिलीप विश्वकर्मा, रामकृष्ण त्रिपाठी एवं राजेंद्र जायसवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर का संचालन अनिल चौधरी ने किया।
रिपोर्ट : रोहित जैन, ब्यूरो चीफ


