
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच औषधियों एवं पवित्र द्रव्यों से हुआ अभिषेक; भजन-कीर्तन और अखंड अष्टप्रहरी युगल नाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
जयपुर (शाबाश इंडिया)। श्रीनिम्बार्क परिषद की ओर से आयोजित श्रीनिम्बार्क जयंती महोत्सव-2026 के अंतर्गत कार्तिक पूर्णिमा एवं आद्याचार्य जयंती के पावन अवसर पर श्रीराधाकृष्ण धाम, श्रीनृसिंह कुटी, अजयराजपुरा में श्रीनिम्बार्क भगवान का भव्य महाभिषेक एवं छप्पनभोग का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर परम पूज्य महंत श्री वृन्दावन दास जी महाराज एवं आचार्य महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी श्रीपद्मनाभशरण देवाचार्य जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनेक औषधियों एवं पवित्र द्रव्यों से भगवान का महाभिषेक किया। इसके पश्चात भगवान को छप्पनभोग एवं राजभोग अर्पित किए गए।
बधाई गान और भजन-कीर्तन के बीच भक्तों ने हर्षोल्लास से उत्सव मनाया। इस दौरान पुष्प एवं प्रसाद की उछाल हुई। आयोजन के अंतर्गत अखंड अष्टप्रहरी युगल नाम संकीर्तन भी संपन्न हुआ। अंत में पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
यह जानकारी निम्बार्क परिषद के महामंत्री अमित शर्मा ने दी।


