
सोनीजी की नसियां में दो दिवसीय धार्मिक समारोह; मुनि श्री निष्पक्ष सागरजी एवं मुनि श्री निष्पृह सागरजी का मिलेगा सान्निध्य, 25 नवंबर को भक्ति संध्या और 26 को विधान पूजन
अजमेर (शाबाश इंडिया)। श्री दिगंबर जैन सिद्धकूट चैत्यालय टेम्पल ट्रस्ट, सोनीजी की नसियां के तत्वावधान में 25 एवं 26 नवंबर को दो दिवसीय आचार्य पदारोहण महामहोत्सव एवं चरण स्थापना महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आयोजक प्रमोद चंद सोनी एवं प्रवक्ता कमल गंगवाल ने बताया कि यह महोत्सव परम पूज्य अनासक्त महायोगी समाधि सम्राट दिगंबराचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महाराज के चरण स्थापना महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के सुयोग्य शिष्य परम पूज्य मुनि श्री निष्पक्ष सागरजी महाराज एवं मुनि श्री निष्पृह सागरजी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।
25 नवंबर को भक्ति संध्या
महोत्सव के प्रथम दिन 25 नवंबर, बुधवार को सायंकाल 7:15 बजे से ‘एक शाम आचार्य श्री विद्यासागरजी के नाम’ भक्ति संध्या आयोजित होगी। इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक गौरव जैन (कुचामन) भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम मानस स्तंभ के पास, सोनीजी की नसियां में होगा।
26 नवंबर को विधान पूजन और चरण अनावरण
दूसरे दिन 26 नवंबर, गुरुवार को प्रातः 6:30 बजे जिनाभिषेक एवं शांतिधारा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। प्रातः 7 बजे से संगीतमय आचार्य छत्तीसी महामंडल विधान पूजन होगा। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे मुनि श्री के मांगलिक उद्बोधन होंगे।
प्रातः 9:30 बजे परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के नवप्रतिष्ठित चरणों पर नूतन छत्र एवं चंवर अर्पित किए जाएंगे। इसी अवसर पर समाज रत्न श्री भागचंदजी सोनी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। प्रातः 10:15 बजे दोनों मुनि श्री की आहारचर्या होगी। सायंकाल 6 बजे आचार्य भक्ति एवं आरती का आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के पश्चात सभी साधर्मी बंधुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई है। संगीतमय आचार्य छत्तीसी महामंडल विधान में सम्मिलित होने के इच्छुक साधर्मीजन आयोजकों के पास अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।
आयोजक प्रमोद चंद सोनी ने समस्त साधर्मी बंधुओं से सभी कार्यक्रमों में उपस्थित होकर गुरु के प्रति विनय, समर्पण और भक्ति भाव प्रदर्शित करने तथा पुण्य संचय करने का आह्वान किया है।


