Friday, November 20, 2026

19 वर्षों से निरंतर सेवा की मिसाल पेश कर रहा श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार

125वें कन्यादान कार्यक्रम में 159वीं एवं 160वीं कन्या का कन्यादान; नवदंपतियों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान भेंट कर सामाजिक समरसता का दिया संदेश

ब्यावर (शाबाश इंडिया)। श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार की ओर से पिछले 19 वर्षों से निरंतर संचालित कन्यादान अभियान के अंतर्गत 125वां कन्यादान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘कन्यादान महादान’ और ‘जहां कम, वहां हम’ की प्रेरणादायी थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार की ओर से 159वीं एवं 160वीं कन्या का कन्यादान संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विजेंद्र प्रजापति, विपुल बोहरा, गोल्डन खीचा, महेंद्र चाहर, नितिन तोषनीवाल, महेंद्र श्री श्रीमाल, गिरिराज काकाणी एवं विनीत श्री श्रीमाल शामिल हुए। अतिथियों ने परिवार द्वारा पिछले 19 वर्षों से निरंतर किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सामूहिक सहयोग का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों कन्याओं को नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भेंट किया गया। इसमें डबल बेड, गद्दे, तकिए, कुर्सियां, टेबल, प्रेशर कुकर, मिक्सर, प्रेस, पंखे, स्टील की टंकियां, ग्यारह बेस, सोने-चांदी के आभूषण सहित रसोई और घर में उपयोग आने वाली स्टील एवं प्लास्टिक की विभिन्न वस्तुएं शामिल थीं।

इस अवसर पर परिवार के सदस्यों और समाजबंधुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रस्तुत भावपूर्ण भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कन्यादान और बेटियों की विदाई के प्रसंग पर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। भावुक माहौल में दोनों कन्याओं को विदाई दी गई।

इस अवसर पर परिवार की ओर से समाज के लोगों से अपील की गई कि कन्यादान जैसे पुनीत सेवा कार्य को केवल ब्यावर तक सीमित न रखकर देश के प्रत्येक शहर में शुरू करने की पहल की जाए, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी का परिवार स्वयं को असहाय महसूस न करे और बेटियां सम्मान एवं आत्मविश्वास के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।

श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार का संकल्प है कि समाज के सहयोग और सेवा भावना से यह पुनीत अभियान निरंतर जारी रहेगा।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar