
80 से अधिक सदस्यों ने लिया भाग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां; पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ भेंट किए फूल
जयपुर (शाबाश इंडिया)। विश्वभर में सेवा और फेलोशिप के लिए प्रसिद्ध रोटरी इंटरनेशनल के रोटरी क्लब जयपुर बापूनगर की ओर से मानसरोवर स्थित एक होटल में दिवाली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सदस्यों ने उत्सव का आनंद लिया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन सतीश गोयल ने बताया कि समारोह में 80 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी सदस्यों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद मनोरंजक खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों के विजेताओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्य दंपतियों की फोटोग्राफी भी की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध एंकर शिखा जैन ने किया। अपनी आकर्षक प्रस्तुति से उन्होंने सभी का खूब मनोरंजन किया। समारोह में संगीत की प्रस्तुति भी दी गई। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, राजेंद्र लुहाड़िया, डॉ. हरीश भारद्वाज, प्रभा लुहाड़िया, पी.सी. सांघी, एन.एम. माथुर, ए.के. जैन, संदीप संचेती, विपन बहल और मीता माथुर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
सचिव धर्मेंद्र गोयल ने बताया कि स्वादिष्ट भोजन के साथ समारोह का समापन हुआ। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी सदस्यों को सुंदर फूल भेंट किए गए।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बसंत जैन तथा क्लब की प्रथम महिला बीना गोयल का विशेष सहयोग रहा। अध्यक्ष सतीश गोयल ने कहा कि रोटरी क्लब जयपुर बापूनगर अपने सेवा कार्यों और फेलोशिप के माध्यम से निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है।


