Friday, November 20, 2026

जेएलएन चिकित्सालय में एडोलेसेंट वेलनेस डे पर किशोर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डिजिटल वेलनेस, संतुलित पोषण और मानसिक स्वास्थ्य सहित किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर दी गई जानकारी

अजमेर (शाबाश इंडिया)। किशोरों के बेहतर स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक बदलावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, अजमेर के शिशु रोग विभाग में आईएपी एडोलेसेंट वेलनेस डे-2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किशोर स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, चर्चा और जानकारियों का आदान-प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. लाखन पोसवाल ने किशोर स्वास्थ्य दिवस की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 18 नवंबर को किशोरों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि 10 से 19 वर्ष की आयु किशोरावस्था का महत्वपूर्ण दौर है। इस दौरान शारीरिक विकास, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, व्यवहार, सामाजिक संबंधों और स्वास्थ्य से जुड़े अनेक बदलाव होते हैं। ऐसे में सही मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करना भविष्य में स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान किशोरों में संतुलित पोषण, शारीरिक विकास, मानसिक स्वास्थ्य, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य शिक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, नशे से बचाव, स्क्रीन टाइम का संतुलित उपयोग तथा किशोरावस्था में होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि किशोरों को समय पर वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध करवाकर अनेक समस्याओं की रोकथाम की जा सकती है। इससे उन्हें स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्य डॉ. पुखराज की उपस्थिति में उप अधीक्षक डॉ. अमित यादव, डॉ. महेंद्र निमेल, डॉ. ममता बजाड़, डॉ. संजीव सुदिया, डॉ. महिपाल सहित विभाग के रेजिडेंट चिकित्सकों ने सहभागिता की। चिकित्सकों ने किशोर स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। साथ ही किशोरों की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, परामर्श और समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

किशोरों के लिए विशेष ओपीडी सुविधा

जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में किशोरों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष किशोर स्वास्थ्य ओपीडी भी संचालित की जाती है। यहां किशोरों को उनकी आयु के अनुरूप स्वास्थ्य परामर्श, पोषण संबंधी मार्गदर्शन, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य समस्याओं, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा किशोरावस्था से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

आईएपी का यूथ वेलनेस डे-वेव 18/एमपावर युवा अभियान

आईएपी के यूथ वेलनेस डे-वेव 18/एमपावर युवा अभियान के तहत प्रत्येक माह की 18 तारीख को किशोर स्वास्थ्य के अलग-अलग विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। अभियान का उद्देश्य किशोरों तक वैज्ञानिक स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना, उन्हें अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक बनाना तथा समय पर चिकित्सा एवं परामर्श सेवाओं से जोड़ना है। आईएपी का यह अभियान किशोरों को स्वस्थ, सशक्त, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar