
आवा जैन मंदिर, कोटा रिवर फ्रंट, ऑक्सीजन पार्क, सेवन वंडर्स और त्रिकुटा धाम का किया भ्रमण; समाजसेवी पाटनी परिवार के आतिथ्य ने यात्रा को बनाया यादगार
जयपुर (शाबाश इंडिया)। जैन सोशल ग्रुप जयपुर गोल्ड की ओर से 14 एवं 15 नवंबर 2026 को आयोजित जयपुर-कोटा की दो दिवसीय यात्रा प्रेम, अपनत्व और सामाजिक बंधुत्व की भावना के साथ भव्यता से संपन्न हुई। यात्रा में ग्रुप के सदस्य अपने परिवारों सहित शामिल हुए। धार्मिक दर्शन, पर्यटन स्थलों के भ्रमण और आपसी मेल-मिलाप से यह यात्रा सभी के लिए यादगार बन गई।
ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष एवं यात्रा के सूत्रधार राकेश गोधा तथा निवर्तमान अध्यक्ष सुरेंद्र पाटनी ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ सुबह 6 बजे श्री सुरेंद्र कुमार पाटनी के मानसरोवर एक्सटेंशन स्थित निवास राधा निकुंज से हुआ। सभी यात्री आवा जैन मंदिर के लिए रवाना हुए। लगभग 150 किलोमीटर की यात्रा के बाद सुबह 10:30 बजे आवा पहुंचकर मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सभी ने दोपहर का भोजन किया।
दोपहर 12 बजे कोटा के लिए प्रस्थान किया गया और दोपहर 2 बजे सभी यात्री कोटा पहुंचे। यहां प्रमुख दर्शनीय स्थल रिवर फ्रंट का भ्रमण किया गया। यात्रियों ने ईस्ट और वेस्ट, दोनों हिस्सों को देखा और वहां हुए भव्य निर्माण की सराहना की। सभी ने खूब फोटोग्राफी की। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए होटल पहुंचे।
ग्रुप के सचिव मनीष जैन चांदवाड़ तथा संयुक्त सचिव निर्मल जीतेश लुहाड़िया ने बताया कि दूसरे दिन की शुरुआत होटल में नाश्ते के साथ हुई। इसके बाद सभी ने कोटा के ऑक्सीजन पार्क का भ्रमण किया। पार्क की हरियाली, पेड़-पौधों की विविध प्रजातियों, सुंदर रखरखाव और पानी की नहर में नाव विहार ने यात्रियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। पार्क की खूबसूरती देखकर ऐसा अनुभव हुआ मानो किसी विदेशी पर्यटन स्थल पर पहुंच गए हों। यहां तीन घंटे का समय कब बीत गया, इसका पता ही नहीं चला।
पाटनी परिवार का आत्मीय आतिथ्य बना यात्रा की यादगार कड़ी
ग्रुप की कार्यकारिणी सदस्य सरिता दिनेश गोधा तथा सदस्य दिलीप जैन और मनोज सेठी ने बताया कि कोटा निवासी वरिष्ठ समाजसेवी अशोक-सुनीता पाटनी परिवार ने अपने कार्यालय परिसर में सभी यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। परिवार की ओर से पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों चूरमा, दाल और बाटी का गरमागरम भोजन कराया गया। इसके बाद चाय और पान से अतिथियों का सत्कार किया गया। इस दौरान सभी सदस्यों ने आपस में विचार और अनुभव साझा किए। अंत में प्रत्येक परिवार को सुंदर उपहार किट भेंट की गई। पाटनी परिवार का स्नेहपूर्ण और शानदार आतिथ्य सभी के लिए अविस्मरणीय रहा।
इसी अवसर पर जयपुर से वर्षों पहले कोटा जाकर बसे चन्द्र कुमार जैन झांझरी भी आमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कोटा में सबसे पहले जैन सोशल ग्रुप की स्थापना की थी और इसके संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं। उन्हें अपने बीच पाकर सभी यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
दोपहर के भोजन के बाद यात्रियों ने सेवन वंडर्स और त्रिकुटा धाम का भ्रमण किया। सेवन वंडर्स में विभिन्न देशों की प्रसिद्ध इमारतों की प्रतिकृतियों के साथ सभी ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद त्रिकुटा माता मंदिर की आकर्षक बनावट और भव्यता देखकर यात्री अभिभूत हुए।
यात्रा के दौरान सभी को कोटा के जैन दादाबाड़ी मंदिर में दर्शन करने तथा मुनिश्री योगसागर जी महाराज ससंघ के दर्शन का सौभाग्य भी मिला। इसके अतिरिक्त विज्ञान नगर स्थित जिन मंदिर में विराजमान आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के दर्शन कर यात्रियों ने धर्मलाभ प्राप्त किया।
यात्रा को मनोरंजक और यादगार बनाने के लिए बस में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। हाउजी क्वीन सरिता गोधा ने नए-नए हाउजी गेम्स खिलाकर सभी का मनोरंजन किया। दिलीप जैन और योगेश जैन ने फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां दीं तथा अंताक्षरी से संगीतमय माहौल बना रहा। इसके साथ ही समय-समय पर आरती, स्तुति और भजनों का सामूहिक वाचन भी किया गया।
यात्रा में राकेश-नीलू गोधा, सुरेंद्र-रूपल पाटनी, मनीष-आरती चांदवाड़, निर्मल-जीतेश लुहाड़िया, सरिता-दिनेश गोधा, योगेश-सुमन जैन, मनोज-रेखा सेठी, दिलीप-अंजना जैन, पवन-मनोरमा सेठी, विनय-सुनीता लुहाड़िया, विपिन-अलका बज, गौरव-गरिमा जैन तथा मनीष-लक्ष्मी जैन अग्रवाल परिवार के सदस्य शामिल रहे।
यात्रा को सफल बनाने में कोटा निवासी एवं जेएसजी नॉर्दर्न रीजन के पूर्व वाइस चेयरमैन मनीष जैन के मार्गदर्शन का विशेष योगदान रहा। ग्रुप की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। देर रात सभी यात्री जयपुर लौटे और यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा में शामिल सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि, “कोटा टूर सिर्फ एक टूर नहीं था, यह अपनत्व, प्रेम और भाईचारे का उत्सव था, जो सदैव याद रहेगा।”
प्रेषक : राजकुमार बेद
अध्यक्ष, जैन सोशल ग्रुप जयपुर गोल्ड


