Wednesday, November 18, 2026

ब्यावर शाखा के भविष्य एवं विकास की नई दिशा पर हुआ मंथन

‘भविष्य की दृष्टि, विकास का संकल्प’ विषय पर चेयरमैन मीट एवं पूर्व चेयरमैन सम्मान समारोह आयोजित

ब्यावर (शाबाश इंडिया)। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ब्यावर शाखा के तत्वावधान में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को स्थानीय आईसीएआई भवन में चेयरमैन मीट एवं पूर्व चेयरमैन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआईआरसी के चेयरमैन सीए अंकुर गोयल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआईआरसी के सचिव सीए निर्भीक गांधी उपस्थित रहे।

‘भविष्य की दृष्टि, विकास का संकल्प’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शाखा की स्थापना से लेकर वर्ष 2025-26 तक विभिन्न कार्यकालों में नेतृत्व प्रदान करने वाले पूर्व चेयरमैनों के योगदान का सम्मान करना तथा उनके अनुभवों और मार्गदर्शन के आधार पर शाखा की भावी विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्यावर शाखा के चेयरमैन सीए प्रितेश बडोला के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों, सीआईआरसी पदाधिकारियों, पूर्व चेयरमैनों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए शाखा की विकास यात्रा में पूर्व पदाधिकारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की निरंतर प्रगति उसके पूर्व नेतृत्व के अनुभव, वर्तमान पदाधिकारियों की प्रतिबद्धता और सदस्यों के सामूहिक सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने पूर्व चेयरमैनों से भविष्य में भी अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन से शाखा को लाभान्वित करने का आग्रह किया।

सीआईआरसी के सचिव सीए निर्भीक गांधी ने अपने संबोधन में आईसीएआई द्वारा सदस्यों के व्यावसायिक एवं कौशल विकास के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने सतत व्यावसायिक विकास, ज्ञानवर्धन तथा सदस्यों की सक्रिय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही ब्यावर शाखा की भावी कार्ययोजना, विकास की संभावनाओं और संस्थागत गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि सीआईआरसी चेयरमैन सीए अंकुर गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के व्यावसायिक जीवन में कार्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक उत्कृष्टता के साथ पारिवारिक एवं व्यक्तिगत दायित्वों के प्रति संतुलित दृष्टिकोण अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने सीआईआरसी एवं आईसीएआई मुख्यालय की ओर से शाखाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास के लिए उपलब्ध सहयोग, मार्गदर्शन एवं संस्थागत समर्थन की जानकारी देते हुए ब्यावर शाखा को अधिक सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

समारोह का विशेष आकर्षण शाखा की स्थापना से लेकर वर्ष 2025-26 तक विभिन्न कार्यकालों में नेतृत्व प्रदान करने वाले पूर्व चेयरमैनों का सम्मान रहा। इस अवसर पर सीए आर.के. ओस्तवाल, सीए अखिलेश मूंदड़ा, सीए मनीष कुमार मेहता, सीए संजय अग्रवाल, सीए नवरतन ओस्तवाल, सीए मुकेश अग्रवाल, सीए हीरेन भंडारी एवं सीए अंकुर गोयल को उनके कार्यकाल के दौरान शाखा के विकास और संगठनात्मक गतिविधियों में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में पूर्व चेयरमैनों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभवों के साथ शाखा की अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। साथ ही भावी गतिविधियों, सदस्यों के हितों के संरक्षण, व्यावसायिक ज्ञानवर्धन एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनके अनुभवों और विचारों ने कार्यक्रम को सार्थक दिशा प्रदान की।

इस अवसर पर ब्यावर शाखा के उपाध्यक्ष सीए आभास हालाखंडी, कोषाध्यक्ष सीए आशय छल्लाणी, सिकासा चेयरमैन सीए अमित सुराणा तथा सदस्य सीए के.एल. शर्मा, सीए अजय शर्मा, सीए सुधांशु शर्मा, सीए अर्पित कावड़िया एवं सीए हितार्थ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन सत्र में ब्यावर शाखा के सचिव सीए अंकुर गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, पूर्व चेयरमैनों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व नेतृत्व के अनुभवों और वर्तमान पदाधिकारियों की भावी विकास दृष्टि के समन्वय से ब्यावर शाखा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सकारात्मक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ। यह आयोजन शाखा की गौरवशाली परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ भविष्य की विकास यात्रा के लिए सामूहिक संकल्प और संगठनात्मक एकजुटता का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar