Tuesday, November 17, 2026

किशनगढ़ में भव्यता के साथ संपन्न हुआ पिछिका परिवर्तन समारोह

आचार्य विहर्षसागर जी महाराज ससंघ के चातुर्मास का मंगलमय समापन; भामाशाह अशोक पाटनी को ‘चक्रवर्ती’ और आचार्य श्री को ‘वात्सल्य शिरोमणि’ की उपाधि

मदनगंज-किशनगढ़ (शाबाश इंडिया)। धर्मनगरी किशनगढ़ के आर.के. कम्युनिटी सेंटर में परम पूज्य राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विहर्षसागर जी महामुनिराज ससंघ के मंगलमय चातुर्मास की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में रविवार दोपहर भव्य पिछिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में किशनगढ़ सहित अजमेर, ग्वालियर, इंदौर, दिल्ली एवं ब्यावर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य श्री के चित्र का अनावरण कर किया गया। आचार्य श्री के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य भामाशाह अशोक- सुशीला पाटनी (आर.के. मार्बल) परिवार को प्राप्त हुआ। पुलक मंच एवं समाज के बच्चों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन अजीत बाकलीवाल ने किया। अजमेर के प्रसिद्ध भजन गायक संदीप बोहरा ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पिछिका परिवर्तन समारोह का विशेष महत्व

जैन साधु-संतों के संयम एवं अहिंसा के प्रतीक उपकरण पिछिका का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर मुनिराज अपनी पुरानी पिछिका श्रावकों को प्रदान कर नवीन पिछिका धारण करते हैं। यह समारोह गुरु भक्ति, त्याग, संयम एवं धर्म प्रभावना का विशेष अवसर होता है।

आचार्य श्री विहर्षसागर जी महाराज को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य आर.के. मार्बल परिवार के अशोक पाटनी एवं सुशीला पाटनी, राजकुमार दोषी, प्रदीप गंगवाल तथा श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन पंचायत के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्राप्त हुआ। वहीं, आचार्य श्री की पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य भामाशाह गौरव अशोक-सुशीला पाटनी परिवार (आर.के. मार्बल) को मिला। इस अवसर पर आचार्य श्री ने भामाशाह अशोक पाटनी को ‘चक्रवर्ती’ की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया।

उपाध्याय श्री 108 विजयेशसागर जी महाराज को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य राजकुमार-जयकुमार-निर्मलकुमार प्रदीप दोषी परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि उनकी पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य लक्ष्य बाकलीवाल को मिला।

प्रवर्तक मुनि श्री विश्वहर्षसागर जी महाराज की नवीन एवं पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य मांगीलाल-चिरंजीलाल झांझरी परिवार को प्राप्त हुआ। मुनि श्री सर्वहर्षसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सिद्धहर्षसागर जी महाराज की पिछिका दौलत कासलीवाल (कालू वाले), मुनि श्री शिखरहर्षसागर जी महाराज की पिछिका सुभाषचंद-ललित गदिया तथा मुनि श्री विश्वज्ञानहर्षसागर जी महाराज को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य राजेश पाटनी (मेड़ता वाले) को प्राप्त हुआ।

मुनि श्री नमनहर्षसागर जी महाराज को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य प्रकाशचंद-अशोककुमार पापल्या परिवार को मिला। वहीं, छुल्लक श्री बोधिहर्षसागर जी महाराज को नवीन पिछिका भेंट करने एवं उनकी पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य सुभाषचंद-रवि चौधरी परिवार को प्राप्त हुआ।

आर्यिका एवं छुल्लिका माताजी को भेंट की नवीन पिछिकाएं

आर्यिका श्री विजेता माताजी को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य चांदमल-प्रकाशचंद-कैलाशचंद गंगवाल परिवार, आर्यिका श्री विजयाहर्ष माताजी को शांतिलाल-सोहनलाल बाकलीवाल परिवार तथा आर्यिका श्री मौलिहर्ष माताजी को प्रकाशचंद-माणकचंद पाटनी (ढाल वाले) परिवार को प्राप्त हुआ।

आर्यिका श्री निधिहर्ष माताजी को नवीन पिछिका भेंट करने का सौभाग्य महावीरप्रसाद-अनिलकुमार-राजकुमार पाटनी परिवार तथा आर्यिका श्री अमृतहर्ष माताजी को सुनील-अक्षय ठोल्या परिवार को मिला। आर्यिका श्री अमृतहर्ष माताजी की पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य राजकुमार दोषी परिवार को प्राप्त हुआ।

आर्यिका श्री विदुहर्ष माताजी की नवीन एवं पुरानी पिछिका का सौभाग्य गीगराज ठोल्या परिवार को मिला। छुल्लिका श्री गोडहर्ष माताजी को नवीन पिछिका भेंट करने तथा उनकी पुरानी पिछिका लेने का सौभाग्य नरेंद्र-महेंद्र-विमल पाटनी (चोरू) परिवार एवं गीगराज ठोल्या परिवार को प्राप्त हुआ।

ठोल्या परिवार की गुरु भक्ति का हुआ सम्मान

सम्पूर्ण चातुर्मास के दौरान छोटा लाम्बा निवासी ठोल्या परिवार ने गुरु भक्ति एवं सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आचार्य श्री ससंघ के किशनगढ़ आगमन से लेकर चातुर्मास की पूर्णाहुति तक परिवार की ओर से नियमित रूप से चौके की व्यवस्था कर साधु-संतों की आहारचर्या में सहयोग किया गया।

इस गुरु भक्ति एवं सेवा भावना के लिए गीगराज-प्रेमदेवी, महेंद्र-किरण देवी, ओमप्रकाश-राजश्री एवं ज्ञानचंद-कविता देवी ठोल्या परिवार (छोटा लाम्बा) का सकल दिगम्बर जैन समाज एवं श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन पंचायत की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया गया। साथ ही प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आचार्य श्री को प्रदान की ‘वात्सल्य शिरोमणि’ की उपाधि

समारोह का विशेष आकर्षण आचार्य श्री विहर्षसागर जी महाराज को सकल दिगम्बर जैन समाज एवं श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन पंचायत की ओर से ‘वात्सल्य शिरोमणि’ की उपाधि प्रदान करना रहा। इस सम्मान को किशनगढ़ की धर्मनिष्ठा एवं गुरु भक्ति के प्रतीक के रूप में देखा गया।

जनमंगल कलश का निकाला गया लकी ड्रॉ

समारोह में जनमंगल कलश का लकी ड्रॉ भी निकाला गया। इसका सौभाग्य ग्वालियर महिला मंडल की अध्यक्ष सोनल जैन को प्राप्त हुआ। लकी ड्रॉ निकालने का अवसर भामाशाह अशोक पाटनी एवं सुशीला पाटनी को मिला।

सम्पूर्ण समारोह श्रद्धा, भक्ति, उत्साह एवं गुरु वात्सल्य के वातावरण में संपन्न हुआ। चातुर्मास की मंगलमय पूर्णाहुति पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री ससंघ के प्रति विनयांजलि अर्पित करते हुए धर्म लाभ प्राप्त किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar