
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने दिया ‘जियो और जीने दो’ का संदेश, आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज के एक करोड़ पौधे लगाने के अभियान की सराहना की
जयपुर (शाबाश इंडिया)। निमोड़िया स्थित श्री गोलोक धाम में राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार का द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। देशभर से आए गुरु भक्तों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने अपने उद्बोधन में भगवान महावीर के सिद्धांत ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देते हुए सभी से जीवदया, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान सरकार के राजकीय अतिथि राष्ट्रसंत जैनाचार्य 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज द्वारा प्रारंभ किए गए एक करोड़ पौधे लगाने के महत्त्वाकांक्षी अभियान की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास को समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी बताया।
राज्यपाल ने गोलोक धाम में संचालित गौशाला के सेवा कार्यों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने अपने हाथों से गोमाता को चारा और गुड़ खिलाकर गौसेवा की। इसके बाद स्वयं पौधारोपण कर आचार्यश्री के एक करोड़ पौधे लगाने के अभियान में अपना योगदान दिया।
राज्यपाल के गोलोक धाम पहुंचने पर अधिवेशन के मुख्य संयोजक राजीव जैन गाजियाबाद, चातुर्मास समिति अध्यक्ष अनिल बनेठा, राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के अध्यक्ष मदन भाई हुमड़ एवं लोकेश कोटा ने माला पहनाकर और राजस्थानी साफा भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंच संचालन चेतन जैन निमोड़िया ने किया। गोलोक धाम समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन बाकलीवाल ने राज्यपाल तथा गुरु आस्था परिवार के सभी सदस्यों का अधिवेशन में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया।
गोलोक धाम के महामंत्री अमित जैन बाकलीवाल, आयोजन समिति के महामंत्री पारस बाकलीवाल एवं कोषाध्यक्ष रमेश गंगवाल ने श्रद्धालुओं, भामाशाहों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक महोत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुरु भक्ति, जीवदया, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का राष्ट्रीय संदेश देने वाला प्रेरणादायी महापर्व बना।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धर्मसभा, स्वाध्याय, तप-साधना, जीवदया, गौसेवा, साधु सेवा, संस्कार शिविर और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें देशभर से आने वाले श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
आचार्य 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस अधिवेशन ने जीवदया, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरक संदेश दिया। राज्यपाल की उपस्थिति और उनके विचारों से गुरु भक्तों एवं गौसेवकों में विशेष उत्साह का संचार हुआ। यह अधिवेशन गुरु आस्था परिवार की एकता और संगठनात्मक मजबूती के साथ गुरुदेव के सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं जीवदया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
मीडिया प्रभारी अरुण जैन गोनेर ने बताया कि गोलोक धाम में आयोजित यह राष्ट्रीय अधिवेशन गुरुदेव की प्रेरणा से संचालित सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के अभियान को नई दिशा देने वाला रहा। राज्यपाल के आगमन और उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से आयोजन की गरिमा और बढ़ी। उन्होंने कहा कि गोलोक धाम के माध्यम से गौसेवा, जीवदया एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदीप जैन, विनोद जैन कोटखावदा, मनीष बैद, भारतभूषण जैन, प्रकाश बाकलीवाल, अशोक बाकलीवाल, कमल वैद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।


