Tuesday, November 17, 2026

संगीत, संस्कृति और सम्मान का भव्य संगम: रिकी केज के सुरों ने रचा ‘द अर्थ सिम्फनी’ का अनूठा संसार

तीन बार के ग्रैमी विजेता को ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’; सात विभूतियों को भी मिला सम्मान

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। डीपीएस स्कूल ग्राउंड में आयोजित संगीत समारोह की शाम धरती, प्रकृति, लोक-संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का सुरमयी उत्सव बन गई। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से बिजय कुमार सुराणा फाउंडेशन एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस भव्य समारोह में तीन बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज को संगीत और कला के क्षेत्र में उनके वैश्विक योगदान के लिए ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।

‘द अर्थ सिम्फनी’ में गूंजी धरती की पुकार

सम्मान ग्रहण करने के बाद रिकी केज ने अपनी विशेष प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ पेश की। सुरों, वाद्य यंत्रों, प्रकाश और दृश्यात्मक प्रभावों के अनूठे समन्वय ने संगीत प्रेमियों को एक ऐसी संगीतमय यात्रा पर पहुंचा दिया, जहां प्रकृति की नीरवता भी बोलती हुई महसूस हुई। उनकी संगीत रचनाओं में धरती की पुकार, पर्यावरण संरक्षण की चिंता और मनुष्य की जिम्मेदारी का संदेश प्रभावशाली ढंग से उभरा।

राजस्थान की माटी से बिखरी लोक-सुरों की महक

रिकी केज की प्रस्तुति की खासियत रही कि उन्होंने भारतीय लोकधुनों की आत्मा को आधुनिक संगीत की ऊर्जा के साथ खूबसूरती से पिरोया। राजस्थान की माटी की सोंधी महक लिए ‘केसरिया बालम’ और ‘धरती धोरा री’ की धुनों ने मेवाड़ की सांस्कृतिक स्मृतियों को जीवंत कर दिया। वहीं ‘दमादम मस्त कलंदर’ की जोशीली प्रस्तुति ने पूरे मैदान को तालियों और उत्साह से भर दिया।

कश्मीर, पंजाब, बंगाल और मेवाड़ के सुर एक मंच पर

कश्मीर की वादियों की नमी, पंजाब की मस्ती, बंगाल की लोक-लय और राजस्थान की रेतीली संस्कृति एक ही मंच पर संगीत के माध्यम से जीवंत हुई। ‘जुगनी’, ‘बुमरो-बुमरो’, ‘सकल बन’ और ‘बम लहरी’ जैसी रचनाओं को रिकी केज ने नए संगीत संयोजन के साथ प्रस्तुत किया। कहीं सूफियाना रंग दिखाई दिया, तो कहीं लोकधुनों की थिरकन और आधुनिक वाद्य यंत्रों की ऊर्जा ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। दर्शकों ने संगीत के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया।

सात विशिष्ट हस्तियों को ‘सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड’

समारोह में कला, संगीत, शिक्षा, उद्योग और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात हस्तियों को विभिन्न श्रेणियों में ‘सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड’ प्रदान किए गए। सेलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़ को ‘सृजन बिजनेस आइकन अवॉर्ड’, प्रसिद्ध वायलिन वादक दीपक पंडित को ‘सृजन वी.डी. पलुस्कर अवॉर्ड’, प्रख्यात शायर एवं गायक डॉ. हरिओम को ‘सृजन अमीर खुसरो अवॉर्ड’ तथा शिक्षाविद एवं कला संरक्षक सुधीर तिवारी को ‘सृजन ओंकारनाथ ठाकुर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

कला, शिक्षा और सिनेमा जगत की उपलब्धियों का सम्मान

जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन अमित अग्रवाल को ‘सृजन नंदलाल बोस अवॉर्ड’, इंदिरा आईवीएफ के प्रमोटर एवं फिल्म निर्माता डॉ. अजय मुर्डिया को ‘सृजन खेमचंद प्रकाश अवॉर्ड’ तथा प्रसिद्ध गायक एवं दंत चिकित्सक डॉ. समीर शर्मा को ‘सृजन मास्टर मदन अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के बाद वायलिन वादक दीपक पंडित की प्रस्तुति ने आयोजन की गरिमा और बढ़ा दी।

नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने का संकल्प

संस्था के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व आईजीपी प्रसन्न खमेसरा ने कहा कि ‘सृजन द स्पार्क’ भारतीय शास्त्रीय संगीत, गजल, वाद्य संगीत, साहित्य और कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा उदयपुर में कला एवं संगीत अकादमी की स्थापना करना है।

बुलेटिन विमोचन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि राज सुराणा ने आयोजन की जानकारी दी। मंजू शर्मा सहित अतिथियों ने ‘इन्स्पायर सृजन बुलेटिन’ का विमोचन किया। कार्यक्रम का संचालन ब्रजेन्द्र सेठ ने किया, प्रशस्ति-पत्रों का वाचन शिल्पा सेठ ने किया तथा राजेन्द्र भंडारी ने आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar