Sunday, November 15, 2026

भारत की प्राचीनतम संवत् परंपराओं में अग्रणी है वीर निर्वाण संवत्

दीपावली के पावन दिवस से जुड़ी है भारत की प्राचीन कालगणना की गौरवशाली परंपरा

वीर निर्वाण संवत् विशेष

डॉ. सुनील जैन ‘संचय’, ललितपुर
suneelsanchay@gmail.com

भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं में कालगणना का विशिष्ट महत्त्व रहा है। संवत् केवल समय की गणना का माध्यम नहीं होते, बल्कि वे किसी महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक घटना, महापुरुष के जीवन-दर्शन और सभ्यता की सांस्कृतिक चेतना के चिरस्थायी स्मृति-चिह्न भी होते हैं। भारत की प्राचीन भूमि पर अनेक संवतों का उद्भव हुआ, जिनमें वीर निर्वाण संवत्, विक्रम संवत्, शक संवत् और गुप्त संवत् प्रमुख हैं। इन सभी में वीर निर्वाण संवत् अपनी प्राचीनता, धार्मिक महत्ता और ऐतिहासिक परंपरा के कारण विशिष्ट स्थान रखता है। इसका संबंध जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर एवं वर्तमान अवसर्पिणी काल के अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण से है।

जैन परंपरा के अनुसार, ईसा पूर्व 527 में कार्तिक कृष्ण अमावस्या अर्थात् दीपावली के पावन दिवस पर भगवान महावीर स्वामी ने बिहार के पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। उनके निर्वाण के अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से वीर निर्वाण संवत् का शुभारंभ माना जाता है। इस दृष्टि से दीपावली केवल प्रकाश पर्व ही नहीं, बल्कि जैन समाज के लिए एक महान आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्मृति का दिवस भी है। यह अवसर हमें उस महापुरुष की वीतराग साधना का स्मरण कराता है, जिन्होंने अहिंसा, अनेकांत, अपरिग्रह और आत्मकल्याण का शाश्वत संदेश संपूर्ण मानवता को दिया।

विभिन्न संवतों की परंपरा और वीर निर्वाण संवत् की प्राचीनता

विश्व की विभिन्न सभ्यताओं और धर्मों में महापुरुषों, ऐतिहासिक घटनाओं तथा राजवंशों के आधार पर कालगणना की परंपरा रही है। भारत में भी अनेक संवत् समय-समय पर प्रचलित हुए। इनमें प्रमुख संवतों का संक्षिप्त परिचय इस प्रकार है—

1. वीर निर्वाण संवत् : जैन परंपरा के अनुसार, भगवान महावीर के निर्वाण के अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से इसका प्रारंभ हुआ। इसकी परंपरागत प्रारंभ तिथि ईसा पूर्व 527 मानी जाती है। यह भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक की स्मृति से संबद्ध है तथा जैन समाज में आज भी धार्मिक, सामाजिक और साहित्यिक कार्यों में इसका प्रयोग होता है।

2. विक्रम संवत् : इसका प्रारंभ परंपरागत रूप से ईसा पूर्व 57-58 में माना जाता है। लोकपरंपरा में इसका संबंध उज्जयिनी के राजा विक्रमादित्य से जोड़ा जाता है। जैन परंपरा में महावीर निर्वाण की मान्य तिथि के आधार पर यह वीर निर्वाण संवत् के लगभग 470 वर्ष बाद प्रारंभ हुआ माना जाता है।

3. शक संवत् : इसका प्रचलित ऐतिहासिक प्रारंभ 78 ईस्वी माना जाता है। इसे दक्षिण भारत में शालिवाहन शक के नाम से भी जाना जाता है। जैन साहित्य के ग्रंथ ‘तिलोयपण्णत्ति’ सहित अन्य रचनाओं में वीर निर्वाण के 605 वर्ष और पांच माह पश्चात् शक राजा के उदय का उल्लेख मिलता है। भारत सरकार द्वारा स्वीकृत राष्ट्रीय शक संवत् भी इसी कालगणना पर आधारित है।

4. ईसवी संवत् : वर्तमान अंतरराष्ट्रीय व्यवहार में सर्वाधिक प्रचलित ईसवी कालगणना का आधार ईसा मसीह के जन्म से जुड़ी परंपरागत वर्ष-गणना है। इसका आरंभ प्रथम ईस्वी वर्ष से माना जाता है। यूरोप में विकसित यह कालगणना आधुनिक समय में विश्वव्यापी नागरिक और प्रशासनिक व्यवहार का प्रमुख आधार बन गई है।

5. गुप्त संवत् : इसका प्रारंभ लगभग 319-320 ईस्वी में माना जाता है। इसका संबंध गुप्त साम्राज्य के इतिहास से है। गुप्त शासकों ने अपने अभिलेखों और राजकीय कार्यों में इस कालगणना का उपयोग किया। यह वीर निर्वाण की परंपरागत तिथि के अनुसार लगभग 845-846 वर्ष बाद का संवत् है।

6. हिजरी संवत् : इस्लामी कालगणना का प्रारंभ पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के मक्का से मदीना हिजरत करने की घटना से माना जाता है। इसका आरंभ 622 ईस्वी में हुआ। यह चंद्रवर्ष पर आधारित है तथा वीर निर्वाण की परंपरागत तिथि के अनुसार लगभग 1148 वर्ष बाद प्रारंभ हुआ।

इन संवतों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का तुलनात्मक अध्ययन वीर निर्वाण संवत् की परंपरागत प्राचीनता को रेखांकित करता है। हालांकि विभिन्न संवतों की स्थापना, उनके प्रवर्तकों और प्रारंभ तिथियों के विषय में इतिहासकारों के अलग-अलग मत हैं, तथापि जैन परंपरा में वीर निर्वाण संवत् का स्थान अत्यंत प्रतिष्ठित और गौरवशाली है।

विक्रमादित्य : भारतीय लोकचेतना के आदर्श नरेश

भारतीय इतिहास और लोकस्मृति में राजा विक्रमादित्य का नाम अत्यंत आदर और गौरव के साथ लिया जाता है। वे भारतीय लोककथाओं, साहित्य और सांस्कृतिक परंपरा के लोकप्रिय नायक रहे हैं। उज्जयिनी के राजा विक्रमादित्य को पराक्रम, प्रज्ञा, उदारता, दानशीलता, न्यायप्रियता, धर्मसहिष्णुता तथा विद्वानों के आश्रयदाता के रूप में आदर्श नरेश की प्रतिष्ठा प्राप्त है।

जैन अनुश्रुतियों और परंपरागत साहित्य में विक्रमादित्य को जैन धर्म का परम भक्त एवं धर्मनिष्ठ शासक बताया गया है। जैन साहित्य में उनके व्यक्तित्व और धार्मिक निष्ठा से संबंधित अनेक उल्लेख मिलते हैं। चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट खारवेल जैसे जैन धर्म के संरक्षक शासकों की परंपरा में विक्रमादित्य का नाम भी जैन ऐतिहासिक चेतना में स्मरण किया जाता है।

यह उल्लेखनीय है कि विक्रमादित्य की ऐतिहासिक पहचान तथा विक्रम संवत् के वास्तविक प्रवर्तक के विषय में इतिहासकारों के बीच मतभेद रहे हैं। विक्रम संवत् का प्राचीन अभिलेखीय इतिहास और विक्रमादित्य से उसका संबंध अलग-अलग ऐतिहासिक अध्ययन के विषय हैं। फिर भी भारतीय जनमानस में विक्रमादित्य का आदर्श शासन, न्यायप्रियता और विद्वत्सम्मान का प्रतीकात्मक महत्त्व अक्षुण्ण है।

बड़ली अभिलेख : वीर निर्वाण संवत् की प्राचीनता का पुरातात्त्विक साक्ष्य

किसी भी संवत् की प्राचीनता निर्धारित करने में साहित्यिक उल्लेखों के साथ-साथ पुरातात्त्विक अभिलेखों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण होती है। वीर निर्वाण संवत् के संदर्भ में राजस्थान के अजमेर जिले की भिनाय तहसील के बड़ली ग्राम से प्राप्त प्राचीन ब्राह्मी अभिलेख विशेष चर्चा का विषय है।

सुप्रसिद्ध पुरातत्त्ववेत्ता डॉ. गौरीशंकर हीराचंद ओझा ने वर्ष 1912 में इस अभिलेख को प्रकाश में लाया था। यह एक प्राचीन षट्कोणीय प्रस्तर स्तंभ पर उत्कीर्ण है। इसके पाठ की एक प्रमुख व्याख्या में ‘वीर’ शब्द को भगवान महावीर के लिए प्रयुक्त माना गया है तथा ‘चतुरासीति’ को 84 वर्ष के उल्लेख के रूप में पढ़ा गया है। इस आधार पर कुछ विद्वानों ने इसे भगवान महावीर के निर्वाण के 84 वर्ष पश्चात् का अभिलेख माना है।

यदि भगवान महावीर के निर्वाण की परंपरागत तिथि ईसा पूर्व 527 स्वीकार की जाए और अभिलेख में उल्लिखित 84 वर्ष को निर्वाण के पश्चात् की अवधि माना जाए, तो अभिलेख का काल ईसा पूर्व 443 के आसपास निर्धारित होता है। इस प्रकार यह अभिलेख वीर निर्वाण संवत् की प्राचीनता के समर्थन में एक महत्त्वपूर्ण पुरातात्त्विक साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाता है।

इतिहासकार डॉ. राजबली पाण्डेय ने अपनी पुस्तक Indian Palaeography में अशोक-पूर्व अभिलेखों में तिथियों के अंकन की परंपरा के संदर्भ में बड़ली अभिलेख को विशेष महत्त्व दिया है। इससे भारतीय अभिलेखीय इतिहास में इसकी विशिष्टता रेखांकित होती है।

जैन वाङ्मय में सुरक्षित है वीर निर्वाण संवत् की परंपरा

वीर निर्वाण संवत् की महत्ता का आधार केवल पुरातात्त्विक अभिलेख नहीं हैं, बल्कि जैन धर्म के प्राचीन प्राकृत और संस्कृत साहित्य, आगम परंपरा, ऐतिहासिक ग्रंथों, पट्टावलियों तथा हस्तलिखित पांडुलिपियों में भी इसके अनेक संदर्भ मिलते हैं।

जैन आचार्यों ने अपनी रचनाओं में तीर्थंकरों के जीवनवृत्त, आचार्य परंपरा, संघ व्यवस्था, धार्मिक घटनाओं और ऐतिहासिक प्रसंगों का कालक्रम सुरक्षित रखने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया है। ‘तिलोयपण्णत्ति’ और अन्य प्राचीन जैन ग्रंथों में महावीर निर्वाण तथा शक कालगणना के पारस्परिक संबंध का उल्लेख मिलता है। इन साहित्यिक साक्ष्यों से स्पष्ट होता है कि जैन समाज में कालगणना की परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि वह ऐतिहासिक स्मृति और साहित्यिक अनुशीलन का भी महत्त्वपूर्ण आधार बनी रही है।

यह परंपरा जैन समाज की उस बौद्धिक चेतना की परिचायक है, जिसने अपने तीर्थंकरों, आचार्यों और धर्म-संस्कृति के इतिहास को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखने का सतत प्रयास किया।

संवत् नहीं, सांस्कृतिक अस्मिता का गौरवशाली प्रतीक

आज जब हम अपनी सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और प्राचीन भारतीय ज्ञान-परंपरा की चर्चा करते हैं, तब वीर निर्वाण संवत् के महत्त्व को केवल जैन समाज तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। भगवान महावीर का अहिंसा, अनेकांत, अपरिग्रह, करुणा और आत्मशुद्धि का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए कल्याणकारी है। उनके निर्वाण से संबद्ध यह संवत् भारतीय सभ्यता की प्राचीन कालगणना परंपरा का भी महत्त्वपूर्ण अध्याय है।

यह विचारणीय है कि आधुनिक जीवन में हम ईसवी संवत् का सहजता से प्रयोग करते हैं, किंतु अपनी प्राचीन भारतीय कालगणना परंपराओं के प्रति अपेक्षित जागरूकता नहीं दिखा पाते। अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गौरवबोध तभी सार्थक होगा, जब हम उसे अपने दैनिक व्यवहार, साहित्य, सामाजिक आयोजनों और सार्वजनिक अभिलेखों में भी उचित स्थान प्रदान करेंगे।

वीर निर्वाण संवत् का प्रयोग केवल तिथि लिखने अथवा वर्ष की गणना करने भर का कार्य नहीं है, बल्कि यह भगवान महावीर के प्रति श्रद्धा, अपनी ऐतिहासिक जड़ों से जुड़ाव और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति भी है।

आवश्यक है कि हम वीर निर्वाण संवत् का अधिकाधिक प्रयोग करें, अपने सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में इसे स्थान दें, नई पीढ़ी को इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से परिचित कराएं तथा इसके साहित्यिक, पुरातात्त्विक और अभिलेखीय साक्ष्यों के संरक्षण एवं शोध को प्रोत्साहित करें।

निस्संदेह, भगवान महावीर के निर्वाण से आलोकित वीर निर्वाण संवत् भारतीय कालगणना की गौरवशाली परंपरा का एक अनमोल अध्याय है। दीपावली के दीपों के साथ जुड़ी यह कालगणना हमें प्रतिवर्ष स्मरण कराती है कि समय की वास्तविक सार्थकता केवल वर्षों की गणना में नहीं, बल्कि आत्मकल्याण, सदाचार, अहिंसा और वीतरागता के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने में निहित है।

आइए, इस दीपावली पर केवल दीप प्रज्वलित ही न करें, बल्कि भगवान महावीर की निर्वाण परंपरा से जुड़े अपने प्राचीन संवत् के प्रति भी गौरव और जागरूकता का दीप जलाएं। अपनी विरासत का सम्मान, उसका अध्ययन और व्यवहार में उसका प्रयोग ही हमारी सांस्कृतिक चेतना की सच्ची पहचान है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar