Thursday, November 12, 2026

कालजयी धुनों ने शिल्पग्राम में जगाईं रजतपट की स्वर्णिम स्मृतियाँ

चार दिवसीय ‘शरद रंग’ उत्सव का ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ प्रस्तुति से आगाज; 13 नवंबर को स्वाद पर संवाद और कहरवा फ्यूजन की होगी प्रस्तुति

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। हवाला ग्राम स्थित शिल्पग्राम का मुक्ताकाशी रंगमंच बुधवार रात सांगीतिक स्मृतियों से आलोकित हो उठा। भारतीय सिनेमा का श्वेत-श्याम दौर मानो एक बार फिर जीवंत हो गया। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के चार दिवसीय ‘शरद रंग’ उत्सव का शुभारंभ नीश एंटरटेनमेंट, पुणे की भावपूर्ण प्रस्तुति ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ से हुआ। सुरों की इस यात्रा ने रजतपट के स्वर्णिम अध्यायों को दर्शकों के सामने सजीव कर दिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि टीएडी एवं देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, विशिष्ट अतिथि अहमदाबाद के महानिदेशक लेखा परीक्षा दीपक कपूर तथा केंद्र निदेशक अश्विन एम. दलवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिल्पग्राम की खुली फिजा, नवंबर की हल्की ठंडक और मंच पर सजी मधुर रोशनी ने पहली ही शाम को आत्मीय सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया।

‘महल’ के गीत से खुला स्मृतियों का द्वार

कार्यक्रम का आरंभ फिल्म ‘महल’ के अमर गीत ‘आएगा आने वाला…’ से हुआ। इसके साथ ही 1945 से 1968 तक के हिंदी सिनेमा की उस विलक्षण दुनिया के द्वार खुलते चले गए, जिसमें प्रेम, विरह, आशा, रिश्ते और सामाजिक सरोकार गीतों की आत्मा हुआ करते थे। हर प्रस्तुति ने श्रोताओं को पुराने रेडियो, ग्रामोफोन और सिनेमाघरों के जादुई वातावरण से जोड़ दिया।

सितारों की छवियाँ हुईं साकार

गीतों के साथ राज कपूर की सहजता, दिलीप कुमार की भाव-गहनता, देव आनंद की रूमानी अदा, गुरु दत्त की संवेदनशील दृष्टि और अशोक कुमार की अभिनय-स्वाभाविकता दर्शकों की स्मृतियों में उतरती रही। नरगिस, मधुबाला, मीना कुमारी, नूतन और वहीदा रहमान जैसी अभिनेत्रियों की गरिमामयी छवियाँ भी धुनों के साथ मानो दर्शकदीर्घा में साकार होती रहीं।

संगीतकारों की रचनात्मक विरासत

नौशाद, एस.डी. बर्मन, शंकर-जयकिशन, मदन मोहन, सलिल चौधरी और ओ.पी. नैयर की रचनात्मकता से महकती इस संध्या में लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश, गीता दत्त, तलत महमूद, हेमंत कुमार और आशा भोसले की अमर गायकी की अनुगूँज सुनाई दी। कभी दर्द में भीगी पंक्तियों ने मन को छुआ, तो कभी चंचल धुनों ने वातावरण में उल्लास घोल दिया।

पीढ़ियों को जोड़ गया संगीत

प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि उसने पुराने गीतों को केवल स्मृतियों का सहारा बनाकर नहीं छोड़ा, बल्कि नई पीढ़ी के लिए भी सहज, प्रासंगिक और अर्थपूर्ण बनाया। दर्शकों की तालियाँ, गीतों के साथ उभरती धीमी गुनगुनाहट और भावुक चेहरों ने यह दर्शाया कि सच्चे संगीत की संवेदना समय और तकनीक के बदलाव से कभी पुरानी नहीं होती।

शिल्पांगन में स्वाद का शुभारंभ

उत्सव के अंतर्गत गुरुवार दोपहर केंद्र निदेशक अश्विन एम. दलवी ने शिल्पांगन में विभिन्न प्रांतों से आई पाक कलाओं की प्रदर्शनी का परंपरागत रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर मौली खोलकर, श्रीफल अर्पित कर और स्वास्तिक बनाकर आयोजन की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर तक शहरवासी और पर्यटक संगीत के साथ देशभर के विशिष्ट व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे।

एक परिसर में भारत की रसोई

खाद्य स्टॉलों पर राजस्थान की दाल-बाटी-चूरमा, लखनवी काजू गलावटी वेज कबाब, जगन्नाथ पुरी का प्रसाद, पश्चिम बंगाल की पीठा-पुली, बिहार का लिट्टी-चोखा, हरियाणा का जलेबा, अमृतसरी कुलचा, उत्तर प्रदेश की चाट, गुजरात का पातरा, महाराष्ट्र की पूरनपोली और उत्तराखंड की सेल रोटी-चटनी उपलब्ध रहेगी। नॉनवेज व्यंजनों के शौकीनों के लिए हैदराबादी बिरयानी भी विशेष आकर्षण होगी।

आज संवाद, शाम को कहरवा फ्यूजन

‘शरद रंग’ उत्सव के दूसरे दिन, 13 नवंबर को प्रातः 10 बजे बंजारा मंच पर ‘स्वाद पर संवाद’ आयोजित होगा। वहीं, शाम 6:30 बजे डॉ. विजय सिद्ध एवं उनका दल ‘कहरवा’ फ्यूजन प्रस्तुति के माध्यम से शिल्पग्राम की सांस्कृतिक शाम को नई ऊर्जा और लोक-लय से सराबोर करेगा।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar