Thursday, November 12, 2026

ब्लैक क्रिस्टल में साकार रामलला की प्रतिमा ने मोहा मन, उपमुख्यमंत्री ने सराहा हुसैन परिवार का शिल्प

डॉ. वकार हुसैन को दिलाई भाजपा की आजीवन सदस्यता, पुत्र अमन की गणेश प्रतिमा भी बनी आकर्षण का केंद्र

उदयपुर (शाबाश इंडिया)। मेवाड़ की शिल्प परंपरा को क्रिस्टल ग्लास कला के माध्यम से नई पहचान दिलाने वाले अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकार डॉ. वकार हुसैन ने अपने पुत्र अमन हुसैन के साथ राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात कला, आस्था और राजस्थान की सांस्कृतिक गरिमा के सुंदर संगम के रूप में यादगार रही।

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ने डॉ. वकार हुसैन से क्रिस्टल ग्लास कला की बारीकियों, निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी विशेषताओं तथा इस माध्यम से तैयार की जाने वाली विशिष्ट कलाकृतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने इस कला में निहित धैर्य, सृजनात्मकता और सूक्ष्म शिल्पकौशल की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. वकार हुसैन ने ब्लैक क्रिस्टल से निर्मित भगवान श्रीरामलला की भव्य प्रतिमा उपमुख्यमंत्री को भेंट की। प्रतिमा की भावपूर्ण अभिव्यक्ति, आकर्षक बनावट और बारीक कारीगरी ने विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। वहीं, उनके पुत्र अमन हुसैन ने अपने हाथों से तैयार भगवान श्रीगणेश की कलात्मक प्रतिमा भेंट कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

दोनों पिता-पुत्र की कलाकृतियों का अवलोकन कर श्रीमती दीया कुमारी ने उनकी कला और सृजनशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने दोनों कलाकारों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से राजस्थान का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने डॉ. वकार हुसैन को भारतीय जनता पार्टी की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण कराई। डॉ. हुसैन ने इस आत्मीय सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्रिस्टल शिल्पकला के माध्यम से राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar