
धार्मिक आस्था, जल-विरासत और स्वच्छता को जोड़ने वाली पहल; अब पॉलीथिन मुक्त उदयपुर के लिए बनेगी व्यापक कार्ययोजना
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। सेवा जब निरंतर संकल्प का रूप ले लेती है, तो वह केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर दृष्टि ने इसी भावना को साकार करते हुए उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के साथ बांसवाड़ा तथा थाना गांव में कुल 2000 मंदिरों एवं प्राचीन बावड़ियों की सफाई कर स्वच्छता और धरोहर संरक्षण का उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया है।
एनआईसीसी परिसर में आयोजित दीपावली स्नेहमिलन समारोह में क्लब संरक्षक डॉ. स्वीटी छाबड़ा ने बताया कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाने का माध्यम भी बना। उन्होंने कहा कि प्राचीन बावड़ियां हमारी जल संस्कृति, स्थापत्य कला और लोक-स्मृतियों की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि क्लब अब उदयपुर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए व्यापक जन-अभियान शुरू करेगा। इसके तहत रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे जैसे प्रमुख प्रवेश स्थलों को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संवाद किया जाएगा। साथ ही, महापौर पारस सिंघवी से मिलकर शहर के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा की जाएगी।
डॉ. छाबड़ा ने कहा कि 2000 मंदिरों और बावड़ियों की सफाई महज एक आंकड़ा नहीं, बल्कि क्लब सदस्यों की टीम भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा-समर्पण का जीवंत प्रमाण है। अभियान के दौरान लोगों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से दूरी बनाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा जलस्रोतों में अपशिष्ट नहीं डालने का संदेश भी दिया गया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन विक्रमादित्य सिंह कृष्णावत के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में सचिव रोटेरियन मोहित राजानी, उपाध्यक्ष रोटेरियन सुनीता सिंघवी, चार्टर्ड प्रेसिडेंट डॉ. दृष्टि छाबड़ा, डायरेक्टर ऑफ पब्लिक इमेज रोटेरियन परमेश्वर अग्रवाल, क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर रोटेरियन रश्मि बोहरा तथा एडिटर रोटेरियन विप्लव जैन का विशेष योगदान रहा।
समारोह में रोटरी क्लब मीरा की अध्यक्ष कक्कू लिखारी एवं इनरव्हील क्लब दीवास की संरक्षक रेखा भाणावत भी उपस्थित थीं।
क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर चलने वाली ऐसी पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


