Thursday, October 29, 2026

JJF Connect Business Meet में व्यापारिक एकता का नया अध्याय, महापौर सुनील कोठारी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का किया शुभारंभ

जयपुर | शाबाश इंडिया।

जयपुर ज्वेल्स फाउंडेशन (JJF) एवं JJF नेक्स्ट के तत्वावधान में सोमवार, 26 अक्टूबर को होटल हयात रीजेंसी, मानसरोवर में JJF Connect Business Meet एवं App Launch का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के उद्यमियों और व्यवसायियों ने भाग लेकर आपसी व्यापार, सहयोग और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर के महापौर श्री सुनील कोठारी रहे। उन्होंने JJF Connect डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए समाज के सदस्यों को व्यापारिक एकता, आपसी सहयोग और सामूहिक विकास के लिए प्रेरित किया।

महापौर कोठारी ने अपने संबोधन में जयपुर की स्वच्छता, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और शहर के उज्ज्वल भविष्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने JJF की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में व्यापारिक सहयोग और एकजुटता बढ़ाने वाला सकारात्मक कदम बताया।

समाज को जोड़ने के साथ व्यापार को बढ़ावा देना लक्ष्य

JJF के संस्थापक श्री हितेश भांडिया ने संस्था की यात्रा और समाज को एकजुट रखने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि JJF का प्रयास सामाजिक एवं पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ सदस्यों के बीच सहयोग की भावना विकसित करना है।

JJF नेक्स्ट के अध्यक्ष श्री देवांग शाह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज के परिवारों को सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ व्यापारिक रूप से भी एक-दूसरे से जोड़ना है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि जब भी किसी सदस्य को किसी उत्पाद या सेवा की आवश्यकता हो, तो पहला अवसर अपने समाज के व्यवसायियों को मिले। हमारा लक्ष्य केवल विजिटिंग कार्ड का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि वास्तविक व्यापार, रेफरल और दीर्घकालिक संबंध विकसित करना है।”

डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिलेगी व्यवसायों की जानकारी

कार्यक्रम में लॉन्च किए गए JJF Connect डिजिटल प्लेटफॉर्म www.jjfgroups.com के माध्यम से सदस्य एक-दूसरे के व्यवसायों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर मेंबर डायरेक्टरी, एआई आधारित बिजनेस सर्च, कार्यक्रमों की जानकारी, जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ की सूचनाएं तथा सदस्यों के विशेष ऑफर्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस अवसर पर विशेष बिजनेस रेफरल सत्र और टेबल आधारित नेटवर्किंग गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनके माध्यम से उद्यमियों को एक-दूसरे के व्यवसायों को समझने, नए संपर्क बनाने और संभावित व्यापारिक सहयोग के अवसर तलाशने का मंच मिला।

JJF अध्यक्ष श्री श्रेयांश धांधिया सहित संस्था के पदाधिकारियों ने इस पहल को समाज की आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर JJF अध्यक्ष श्रीमती निकिता धांधिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजकों के अनुसार, JJF Connect के माध्यम से समाज के 270 से अधिक परिवारों के बीच आपसी व्यापार, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—“दोस्ती भी, मस्ती भी और बिजनेस भी!”

JJF Connect — Together We Connect, Together We Grow.

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar