Sunday, October 25, 2026

पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस पर राजस्थानी लोकनृत्यों की धूम, विधायकों ने पत्रकारों का बढ़ाया उत्साह

जयपुर | शाबाश इंडिया।

पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन गुरुवार को फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में सिविल लाइंस विधायक एवं पत्रकार गोपाल शर्मा तथा आदर्श नगर विधायक रफीक खान ने शिरकत कर पत्रकार परिवार के साथ स्थापना दिवस मनाया। फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक रफीक खान ने किया, जबकि विधायक गोपाल शर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

विधायक गोपाल शर्मा ने सभी पत्रकारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेस क्लब की प्रबंध कार्यकारिणी पत्रकारों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। प्रेस क्लब पत्रकारिता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है और अनेक युवा पत्रकारों को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जयपुर के फोटो जर्नलिस्टों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी तस्वीरें जीवन के जीवंत दृश्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं। पत्रकार समाज की सच्चाई उजागर कर जनहित में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

इस अवसर पर नगर निगम उपमहापौर सरोज कंवर, भाजपा मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, पुणे के वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र बाघमारे, उत्तरांचल प्रेस क्लब की पूर्व संयुक्त सचिव नलिनी गोसाई तथा यूनाइटेड प्रेस क्लब के अध्यक्ष अर्शदीप सिंह समर ने भी फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान प्रबंध कार्यकारिणी पत्रकारों एवं क्लब के हितों के लिए सदैव तत्पर रहेगी। क्लब को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ ही पारिवारिक माहौल को बढ़ावा दिया जा रहा है। पत्रकारों के मनोरंजन और आपसी जुड़ाव के लिए सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेलकूद गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष मुकेश मीणा, महासचिव राजकुमार शर्मा, सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक निखलेश शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका शर्मा एवं पुष्पेन्द्र सिंह राजावत, कोषाध्यक्ष नमोनारायण अवस्थी तथा कार्यकारिणी सदस्यों अनिता शर्मा, मतीष पारीक, छगन लाल शर्मा, विकास आर्य, ज्ञानेन्द्र मिश्रा, संतोष कुमार शर्मा, मुकेश शर्मा, उमंग माथुर और धूली लाल मीणा ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया। समारोह में वरिष्ठ और युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

राजस्थानी लोकनृत्यों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ नृत्य गुरु डॉ. राजेन्द्र राव के निर्देशन में गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद संबरंग संस्था के लोक कलाकारों वंशिका अग्रवाल, भूमिका कुमावत, तारा चौहान, प्रकाश शर्मा, भावना शर्मा और उग्रसेन तंवर ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

कलाकारों ने ‘आओजी आओ म्हारा हिवड़े रा पावणा’, ‘मंजीरा डांस’, ‘रूणझूण बाजे घूंघरा’, ‘मधुवन में राधिका नाचे रे’, ‘छैल भंवर को कांगसियो’, ‘बीणहारा लेगी रे’, ‘गोरा गोरा गाल थारा घूंघटियां में राखूं रे’, ‘चिरमी’ सहित अनेक राजस्थानी गीतों पर लोकनृत्य प्रस्तुत किए। ‘म्हारो मनडो नाचे’, ‘मरू रंग’, ‘मैं तो नाचवा’, ‘ढोला आ जाओ’, ‘कोरे काजलरी को’ और ‘बंजारा’ जैसे गीतों पर भी आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व कोषाध्यक्ष राहुल गौतम ने किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar