
जयपुर | शाबाश इंडिया।
ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट (रजि.) एवं रोटरी क्लब जयपुर स्पार्कल के संयुक्त तत्वावधान में 23 अक्टूबर को होटल चाणक्य, एम.आई. रोड, जयपुर में ‘TOGETHER WE SHINE’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, संगीत, मनोरंजन और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में राजस्थान युवा यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं एसएसबीसी फाउंडेशन के संस्थापक मदन यादव तथा भाजपा पार्षद प्रत्याशी वार्ड 82 एवं पूर्व पार्षद ममता यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. राहुल शर्मा ने दिए स्वस्थ हृदय के टिप्स
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सीके बिरला हॉस्पिटल्स, रुक्मणी बिरला हॉस्पिटल, जयपुर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल शर्मा का हेल्थ अवेयरनेस टॉक रहा। उन्होंने स्वस्थ हृदय के महत्व, हृदय रोगों से बचाव, संतुलित जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। साथ ही, हृदय को स्वस्थ रखने के उपयोगी सुझाव दिए और प्रतिभागियों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर सीके बिरला हॉस्पिटल्स की मार्केटिंग टीम के रिटेल हेड शांतनु सिंह एवं आशीष शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अस्पताल समूह का उद्देश्य राजस्थान के विभिन्न शहरों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ आमजन को आधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की जानकारी उपलब्ध कराना है।
गायक अनिल जी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में गायक अनिल जी ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके मनमोहक गीतों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से मित्रता, आपसी मेलजोल और सकारात्मकता को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम का समापन रात्रिभोज के साथ हुआ।
ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद जैन भँवर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन करना है, जिनसे स्वास्थ्य जागरूकता बढ़े और लोगों को सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिले।
वहीं, ह्यूमन ग्लोरी वुमेन्स क्लब की अध्यक्ष एवं ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष मनीषा जैन ‘कुसुम’ ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब जयपुर स्पार्कल के अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन, सचिव डॉ. अनुराग तोमर, मेंटर रोटेरियन कुलविंदर सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
‘TOGETHER WE SHINE’ का यह आयोजन स्वास्थ्य, संगीत और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बना। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आपसी सहयोग से स्वस्थ, सकारात्मक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।


