
जयपुर/पदमपुरा | शाबाश इंडिया।
दिगंबर जैन धर्मावलंबियों के विश्वप्रसिद्ध तीर्थ श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा (बाड़ा) का वार्षिक मेला एवं वार्षिकोत्सव रविवार, 25 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। मुनि मार्दवनंदी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में अभिषेक, विधान, भव्य रथयात्रा और कलशाभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इससे पूर्व शनिवार, 24 अक्टूबर को महाआरती के बाद भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान जैन युवा महासभा, जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि अध्यक्ष एडवोकेट सुधीर जैन एवं मानद मंत्री एडवोकेट हेमंत सोगानी के नेतृत्व में रविवार को प्रातः 7 बजे भूगर्भ से प्रकटित मूलनायक भगवान पद्मप्रभु की प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया जाएगा।
मेला संयोजक जितेंद्र मोहन जैन ने बताया कि प्रातः 8:30 बजे भगवान पद्मप्रभु की विशाल खड्गासन प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक होगा। इसके बाद प्रातः 11:15 बजे प्रतिष्ठाचार्य अनिल कुमार जैन शास्त्री के निर्देशन में संगीतमय पद्मप्रभु विधान आयोजित किया जाएगा।
दोपहर 3:15 बजे भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम 4:15 बजे जयकारों के बीच श्रीजी का कलशाभिषेक संपन्न होगा। वार्षिकोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में धर्मावलंबियों के शामिल होने की संभावना है।
विनोद जैन कोटखावदा


