
जयपुर | शाबाश इंडिया।
गुलाब कौशल्या चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पदम ज्योति नेत्र चिकित्सालय, पदमपुरा में आयोजित नेत्र शिविर में अर्हम फाउंडेशन ने 25 जरूरतमंद मरीजों के नेत्र ऑपरेशन में सहयोग प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को बेहतर दृष्टि देने के साथ उनके जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार करना रहा।
सेवा कार्यों की इसी कड़ी में फाउंडेशन की ओर से गोलोक धाम गौशाला में भी गौसेवा की गई। गौशाला को सहयोग राशि प्रदान कर सदस्यों ने जीवों की सेवा में योगदान दिया। इस दौरान फाउंडेशन के सदस्यों और सहयोगियों ने आर्थिक सहयोग के साथ अपना समय और समर्पण देकर सेवा कार्यों को सफल बनाया।
इस अवसर पर राखी गंगवाल ने अनंतरा होटल में सभी सदस्यों के लिए लंच की व्यवस्था की, जिसके लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया। वहीं सुमित्रा जैन, मंजू सोगानी, शालिनी काला और विमला पहाड़िया ने भी नेत्र शिविर एवं गौशाला सेवा में सहयोग दिया।
अर्हम फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं और जीव सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। इस पहल ने मानवता, करुणा और सामाजिक सेवा के कार्यों में आगे आने का प्रेरणादायी संदेश दिया।


