
जयपुर | शाबाश इंडिया।
बासखों में पदयात्रियों का स्वागत, मोहनपुरा में पूजा-अर्चना और धार्मिक ज्ञान प्रकाश प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र का विमोचन
श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में बुधवार, 14 अक्टूबर को संघीजी की नसियां, खानिया से रवाना हुई श्री महावीरजी की 40वीं पदयात्रा गुरुवार को बासखों फाटक पहुँची। यहाँ बासखों जैन समाज एवं विमला देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पदयात्रियों का भावभीना स्वागत-सत्कार किया गया। पदयात्रा शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दौसा पहुँचेगी, जहाँ जैन समाज की ओर से श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जाएगा और विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
पदयात्रा संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन एवं संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। बासखों में प्रकाश चंद बाकलीवाल, कमलेश जैन, दिनेश जैन एवं उनके परिवारजनों ने पदयात्रियों की गर्मजोशी से आवभगत की और उनकी कुशलक्षेम पूछी।
पदयात्रा संयोजक महेश चंद जैन ने बताया कि इस अवसर पर संघ की ओर से बासखों स्थित दिगंबर जैन मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की गई।
मोहनपुरा में पूजा-अर्चना और धार्मिक ज्ञान प्रतियोगिता
पदयात्रा गुरुवार को मोहनपुरा स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुँची। यहाँ पदयात्रा के पूर्व संयोजकों सुरेश ठोलिया, कुंथीलाल रावकां, सलिल जैन, राजेंद्र जैन मोजमाबाद, राजकुमार बड़जात्या, देवेंद्र गिरधरवाल, जिनेंद्र जैन, पवन जैन एवं सुशील जैन के निर्देशन में विशेष पूजा-अर्चना के आयोजन हुए।
धार्मिक प्रश्न मंच में सही उत्तर देने वाले पदयात्रियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन कुंथीलाल जैन ने किया। इस अवसर पर धार्मिक ज्ञान प्रकाश प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र का विमोचन समाजश्रेष्ठी सुशील जैन, महेंद्र-नीलम अग्रवाल एवं सभी पूर्व संयोजकों ने किया। अजय जैन, अजमेर ने मंदिर में अभिषेक एवं पूजा के लिए पीत वस्त्र भेंट किए।
इस अवसर पर संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन, संयोजक महेश चंद जैन, सह-संयोजक सोभाग मल जैन, ज्ञान चंद जैन, सुकुमार जैन, राजीव जैन, दीपा गोधा, अरुणा दीवान, क्षेत्रीय सह-संयोजक एवं पदयात्रा के पूर्व संयोजक उपस्थित रहे।
भंडाना में संगीतमय महाआरती के बाद रात्रि विश्राम
पदयात्रियों का रात्रि विश्राम भंडाना स्थित अरिहंत व्हीकल फिटनेस सेंटर पर हुआ। यहाँ भगवान महावीर की संगीतमय महाआरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
दौसा में सामूहिक अभिषेक, पूजन और धार्मिक हाउजी
प्रचार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि शुक्रवार, 16 अक्टूबर को पदयात्रा दौसा बस स्टैंड के सामने स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुँचेगी। यहाँ दौसा जैन समाज की ओर से पदयात्रियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सामूहिक अभिषेक एवं पूजन तथा जैन धार्मिक हाउजी का आयोजन होगा। शुक्रवार की रात्रि का विश्राम काला खोह स्कूल में होगा।
सह-संयोजक सोभाग मल जैन एवं दीपा गोधा ने बताया कि पदयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
महावीरजी तक का यात्रा कार्यक्रम
- शनिवार, 17 अक्टूबर: सिकंदरा स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में पूजा एवं कलशाभिषेक होगा।
- रविवार, 18 अक्टूबर: पदयात्रा गुढ़ाचंद्रजी स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुँचेगी। यहाँ श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजा-अर्चना के बाद सायंकाल नादौती स्थित श्री महावीर पब्लिक स्कूल में धार्मिक अंताक्षरी आयोजित होगी।
- सोमवार, 19 अक्टूबर: पदयात्रा खेड़ला-खेड़ली होते हुए श्री महावीरजी पहुँचेगी। श्रद्धालु विशाल जुलूस के साथ भगवान महावीर के दरबार में पहुँचकर दर्शनलाभ लेंगे। दोपहर में पदयात्रियों एवं पूर्व संयोजकों का सम्मान समारोह होगा। सायंकाल महाआरती के बाद आध्यात्मिक कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
- मंगलवार, 20 अक्टूबर: प्रातः शांतिनाथ विधान पूजा होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे बसों से जयपुर के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
सह-संयोजक ज्ञान चंद जैन एवं नरेंद्र शाह ने बताया कि सिकंदरा और गुढ़ाचंद्रजी में भी धार्मिक आयोजन होंगे। सह-संयोजक सुकुमार जैन एवं राजीव अजमेरा ने बताया कि पदयात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं को धर्माराधना का अवसर मिलेगा। पदयात्रा में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता है।
सह-संयोजक राजीव जैन ने बताया कि पदयात्रा के समापन पर श्री महावीरजी से जयपुर लौटने के लिए संघ की ओर से पदयात्रियों के लिए बसों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
1986 से धार्मिक पदयात्राओं और सेवा कार्यों में सक्रिय है संघ
संघ के प्रचार प्रभारी विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि वर्ष 1986 से श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर द्वारा जयपुर से श्री महावीरजी की पदयात्रा आयोजित की जा रही है। संघ ने अन्य प्रमुख तीर्थों की पदयात्राएँ भी सफलतापूर्वक संपन्न की हैं।
वर्ष 2000 में जयपुर से शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी की 1,300 किलोमीटर लंबी पदयात्रा तथा वर्ष 2003 में जयपुर से कुंडलपुर बड़े बाबा की 800 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। वर्ष 2006 में जयपुर से रेल द्वारा बेंगलुरु पहुँचकर वहाँ से श्रवणबेलगोला स्थित भगवान बाहुबली की 140 किलोमीटर की पदवंदना 444 पदयात्रियों के साथ संपन्न हुई। वर्ष 2018 में जयपुर से हवाई मार्ग द्वारा बेंगलुरु पहुँचकर श्रवणबेलगोला की 140 किलोमीटर लंबी पदयात्रा 151 श्रद्धालुओं के साथ आयोजित की गई।
धार्मिक यात्राओं के साथ संघ समाज एवं मानव सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। इसी क्रम में कुंडलपुर में एक विशाल औषधालय का निर्माण करवाया गया है, जहाँ हजारों रोगियों का आयुर्वेद एवं प्राणोपचार पद्धति से उपचार किया जा चुका है। औषधालय में संघ की ओर से सैकड़ों मासिक चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं।
विनोद जैन ‘कोटखावदा’
कार्यकारिणी सदस्य
श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर
मोबाइल: 93142 78866


