Thursday, October 15, 2026

‘जियो और जीने दो’ के जयघोष के साथ रवाना हुई श्री महावीरजी की 40वीं पदयात्रा, 19 अक्टूबर को पहुंचेगा श्रद्धालुओं का जत्था

Oplus_131072

जयपुर | शाबाश इंडिया।

भगवान महावीर के 2552वें निर्वाणोत्सव वर्ष के अवसर पर अहिंसा, शाकाहार और ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर की 40वीं श्री महावीरजी पदयात्रा बुधवार, 14 अक्टूबर को रवाना हुई। लगभग 135 किलोमीटर की इस पदयात्रा को संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन एवं संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में खानिया स्थित संघीजी की नसियां से भगवान महावीर के जयकारों के बीच रवाना किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

संघ के प्रचार प्रभारी विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि पदयात्रा की रवानगी से पूर्व संघीजी की नसियां में जिनेंद्र भगवान के सामूहिक दर्शन, आरती और संसार के सभी जीवों की मंगलकामना के लिए सूर्य प्रकाश छाबड़ा के निर्देशन में मंगल प्रार्थना की गई। समाजबंधुओं ने पदयात्रा की नेतृत्व टीम का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने किया।

समाजसेवी हरक चंद सुशील जैन कोटखावदा तथा युवा समाजसेवी राजन और दक्ष बज ने जैन ध्वज दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व संयोजकों, समाजश्रेष्ठियों और गणमान्य नागरिकों ने पदयात्रियों को दुपट्टे पहनाकर शुभकामनाएं दीं।

मोहनपुरा, दौसा, सिकंदरा और गुढ़ाचंद्रजी होते हुए पहुंचेगा जत्था

संरक्षक सुभाष चंद जैन एवं पदयात्रा संयोजक महेश चंद जैन ने बताया कि पदयात्रा का निर्धारित कार्यक्रम विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना, कलशाभिषेक और धार्मिक आयोजनों के साथ संपन्न होगा।

  • 15 अक्टूबर, गुरुवार: पदयात्रा मोहनपुरा के दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहां पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन और धार्मिक प्रश्नमंच होगा। सायंकालीन भोजन बासखो रेलवे स्टेशन के सामने तथा रात्रि विश्राम भंडाना स्थित अरिहंत व्हीकल फिटनेस सेंटर पर होगा।
  • 16 अक्टूबर, शुक्रवार: सुबह दौसा के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दर्शन, पूजा और कलशाभिषेक के बाद जैन धार्मिक हाउजी आयोजित होगी। रात्रि विश्राम काला खोह स्कूल में होगा।
  • 17 अक्टूबर, शनिवार: पदयात्री सिकंदरा के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में पूजा-अर्चना और कलशाभिषेक करेंगे।
  • 18 अक्टूबर, रविवार: गुढ़ाचंद्रजी के श्री दिगंबर जैन मंदिर में भगवान के अभिषेक, शांतिधारा और पूजा-अर्चना के कार्यक्रम होंगे। शाम को नादौती स्थित श्री महावीर पब्लिक स्कूल में धार्मिक अंताक्षरी आयोजित की जाएगी।
  • 19 अक्टूबर, सोमवार: पदयात्रा खेड़ला-खेड़ली होते हुए श्री महावीरजी पहुंचेगी। वहां विशाल जुलूस के साथ श्रद्धालु भगवान महावीर के दरबार में पहुंचकर दर्शन करेंगे। दोपहर में पदयात्री सम्मान समारोह होगा, जिसमें 40वीं पदयात्रा के अवसर पर सभी पूर्व संयोजकों का विशेष सम्मान किया जाएगा। शाम को महाआरती के बाद आध्यात्मिक कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि काव्यपाठ करेंगे।

20 अक्टूबर को होगा संगीतमय शांति विधान

पदयात्रा संयोजक महेश चंद जैन ने बताया कि मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे साज-सज्जा के साथ संगीतमय श्री शांति विधान पूजा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे पदयात्री बसों से जयपुर के लिए रवाना होंगे और शाम को वापस पहुंचेंगे।

सहसंयोजक सोभाग मल जैन एवं ज्ञान चंद जैन ने बताया कि यात्रा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों की शृंखला रहेगी। सहसंयोजक सुकुमार जैन एवं दीपा गोधा ने बताया कि पदयात्रा में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल होंगी। सहसंयोजक राजेश शाह एवं अरुणा दीवान ने जानकारी दी कि समापन के बाद श्री महावीरजी से जयपुर लौटने के लिए संघ की ओर से पदयात्रियों को बसों की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

समाजसेवा और तीर्थयात्रा की समृद्ध परंपरा

विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि संघ वर्ष 1986 से जयपुर से श्री महावीरजी की पदयात्रा आयोजित करता आ रहा है। इसके अतिरिक्त संघ ने वर्ष 2000 में जयपुर से शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी की 1300 किलोमीटर की पदयात्रा, वर्ष 2003 में जयपुर से कुंडलपुर बड़े बाबा की 800 किलोमीटर की पदयात्रा तथा वर्ष 2006 में बैंगलोर से श्रवणबेलगोला स्थित बाहुबली भगवान की 140 किलोमीटर की पदवंदना 444 पदयात्रियों के साथ संपन्न की थी। वर्ष 2018 में भी जयपुर से हवाई मार्ग द्वारा बैंगलोर पहुंचकर वहां से श्रवणबेलगोला की 140 किलोमीटर की पदयात्रा 151 पदयात्रियों के साथ सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

संघ धार्मिक गतिविधियों के साथ समाजसेवा और मानव सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। इसी क्रम में कुंडलपुर में एक विशाल औषधालय का निर्माण करवाया गया है, जहां हजारों रोगियों का आयुर्वेद एवं प्राणोपचार पद्धति से उपचार किया जा चुका है। औषधालय में संघ की ओर से सैकड़ों मासिक चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं।

समाजबंधुओं ने दीं शुभकामनाएं

पदयात्रा की रवानगी के अवसर पर संघ के पूर्व संयोजक निर्मल सोगानी, सुरेश ठोलिया, कुंथीलाल रावंका, सूर्य प्रकाश छाबड़ा, सलिल जैन, प्रकाश गंगवाल, अमर चंद दीवान खोराबीसल, विनेश सोगानी, सुनील चौधरी, मनीष लुहाड़िया, राजेंद्र जैन मोजमाबाद, राजकुमार बड़जात्या, देवेंद्र गिरधरवाल, जिनेंद्र जैन, पवन जैन, सुशील जैन, भागचंद गोधा और सोभाग मल जैन सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।

इसके अलावा रमेश तिजारिया, पदम बिलाला, मनीष बैद, भारत भूषण जैन, नवीन बिल्टीवाला, कमल दीवान, बाबूलाल पाटनी, सुधीर गंगवाल, नवीन जैन, अमित अजमेरा, अनिल जैन, अशोक दीवान, सौरभ अजमेरा, मनोज जैन, ललित जैन, शकुंतला पांड्या और रेखा जैन सहित गणमान्य समाजश्रेष्ठियों ने पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया। प्रस्थान के बाद पदयात्रियों ने आगरा रोड स्थित कृष्णा पैराडाइज में सायंकालीन भोजन किया तथा मंत्री फार्म हाउस पर रात्रि विश्राम किया।

विनोद जैन ‘कोटखावदा’
पूर्व संयोजक एवं कार्यकारिणी सदस्य
श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar