
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राजवंश पब्लिक स्कूल एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में ‘भ्रष्टाचार मुक्त एवं विकसित भारत’ तथा ‘समृद्धि एवं सत्यनिष्ठा’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं और 12वीं के 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया।
विद्यालय निदेशक सीता चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, कर जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। विद्यार्थियों ने निबंधों में ‘ईमानदारी से कर भुगतान ही सच्ची देशभक्ति है’ विषय पर विचार प्रस्तुत करते हुए बताया कि कर राजस्व बेहतर आधारभूत सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं, मजबूत रक्षा व्यवस्था तथा कृषि एवं ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय सचिव अनिमेष चौहान ने आयकर विभाग से पधारे अतिथियों अनिल गुप्ता, राजेश शर्मा, योगेश दीक्षित, सुरेश शर्मा एवं मनोज का स्वागत किया। विभागीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आयकर के महत्व, करदाताओं के दायित्वों और देश के आर्थिक विकास में कर राजस्व की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में कृतिका वंजारी ने प्रथम, अंजली सैनी ने द्वितीय तथा यशस्वी चानिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नवल जैन ने आयकर विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग बनाते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय में ऐसे शैक्षिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।


