
अजमेर | शाबाश इंडिया।
श्री दिगंबर जैन महिला महासमिति का 31वां राष्ट्रीय अधिवेशन जगत पूज्य 108 निर्यापक मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महामुनिराज के सानिध्य एवं महासमिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शीला डोडिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अधिवेशन में भारत सहित विश्व के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अजमेर संभाग की 74 सदस्याओं ने महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी के संयोजन में सहभागिता की।
अजमेर से सदस्याएं दो बसों के माध्यम से इंदौर के लिए रवाना हुईं। यात्रा के दौरान उज्जैन स्थित तपोभूमि सहित विभिन्न जैन तीर्थक्षेत्रों के दर्शन किए गए। साथ ही वंडर मार्बल एवं सीमेंट फैक्ट्री का अवलोकन भी किया गया।
युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि अधिवेशन के दौरान श्री सुधासागर जी महामुनिराज के सानिध्य में बैंड-बाजों के साथ विशाल धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 5,000 से अधिक महिला सदस्याओं ने धार्मिक संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।
अधिवेशन स्थल पर ध्वजारोहण के बाद अजमेर की केसरगंज इकाई की सदस्याओं ने श्रीमती राखी जैन ग्रुप के माध्यम से भक्तिभाव से परिपूर्ण आकर्षक मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात गुरुवर श्री सुधासागर जी महामुनिराज के मंगल प्रवचन हुए। दूसरे सत्र में जैन धर्म की शिक्षाओं और समाज के श्रेष्ठजनों की भूमिका को दर्शाती प्रभावशाली नाटिका का मंचन किया गया। इसमें समाजश्रेष्ठी सपना गोधा की भूमिका युवा महिला संभाग अजमेर की अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने निभाई।
अजमेर संभाग को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
अधिवेशन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शीला डोडिया ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें अजमेर संभाग की मधु पाटनी को वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष तथा युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा को प्रचार-प्रसार मंत्री का दायित्व सौंपा गया। दोनों को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से अजमेर संभाग की सदस्याओं में हर्ष का माहौल रहा।
अधिवेशन में सहभागिता के बाद अजमेर संभाग की सदस्याओं ने सुमतिधाम, ढाई द्वीप, बनेड़ियाजी, सिद्ध पुष्पगिरि, अहिक्षेत्र पार्श्वनाथ, सिद्धवरकूट और गोम्मटगिरी सहित विभिन्न जैन तीर्थक्षेत्रों के दर्शन किए। धार्मिक यात्रा और तीर्थदर्शन के बाद सभी सदस्याएं सकुशल अजमेर पहुंचीं।
यात्रा के दौरान अजमेर संभाग की मंत्री सुषमा पाटनी, रिंकू कासलीवाल, अंजू गोधा एवं मधु काला ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने रास्ते में सदस्याओं के लिए धार्मिक एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया, जिससे यात्रा आनंदमय और यादगार बन गई।
राष्ट्रीय अधिवेशन ने अजमेर संभाग की सदस्याओं को धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर संभाग की सक्रिय भागीदारी और उपलब्धियों को नई पहचान मिली।


