Tuesday, October 6, 2026

कोटखावदा अतिशय क्षेत्र में गगनचुंबी मानस्तंभ का प्रथम महामस्तकाभिषेक आज से, आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के सानिध्य में होगा भव्य आयोजन

कोटखावदा | शाबाश इंडिया।

जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित प्राचीन तीर्थ श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र कोटखावदा में आठ वर्ष पूर्व निर्मित गगनचुंबी मानस्तंभ का प्रथम महामस्तकाभिषेक महोत्सव 7 एवं 8 अक्टूबर को तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव में आदिनाथ मंडल विधान सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर गंगवाल एवं महामंत्री पंकज जैन ने बताया कि आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ का बुधवार, 7 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे गाजे-बाजे के साथ विशाल जुलूस के रूप में कोटखावदा में भव्य मंगल प्रवेश होगा। मंदिर दर्शन के बाद प्रातः 8:30 बजे मुख्य बाजार में धर्मसभा आयोजित होगी, जिसमें आचार्य श्री के मंगल प्रवचन होंगे।

दोपहर 1:30 बजे से आचार्य श्री के सानिध्य एवं विधानाचार्य संस्कार भैया के निर्देशन में संगीतमय आदिनाथ मंडल विधान पूजा का आयोजन होगा। इस दौरान महावीर-संतोष गंगवाल सौधर्म इंद्र, शांति देवी, रितेश-रिंकू वैद धनपति कुबेर, प्रदीप-रानी एवं पंकज-सोनू वैद यज्ञनायक सहित 16 प्रति इंद्र-इंद्राणियां एवं सैकड़ों श्रद्धालु भक्तिभाव से पूजा-अर्चना करेंगे। समाजश्रेष्ठी कपूरी देवी, बाबूलाल एवं राजेंद्र वैद सामग्री पुण्यार्जक रहेंगे। गायिका प्रिया जैन भजनों की प्रस्तुति देंगी। शाम 7 बजे आनंद यात्रा और रात 8 बजे महाआरती एवं भक्ति संध्या होगी।

गुरुवार, 8 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ धर्मसभा होगी, जिसमें आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के मंगल प्रवचन होंगे। प्रातः 9:30 बजे संघ की आहारचर्या होगी।

महामस्तकाभिषेक महोत्सव का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ होगा। युवा समाजसेवी पारस-पूजा पाटनी द्वारा दोपहर 12:15 बजे जयकारों के बीच ध्वजारोहण किया जाएगा। समाजश्रेष्ठी प्रकाशचंद एवं कमलेश-सरोज बाकलीवाल द्वारा चित्र अनावरण तथा युवा समाजसेवी विनोद-अर्चना गंगवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। पूर्व महामंत्री दीपक वैद के अनुसार मानस्तंभ मंडप का उद्घाटन रमेश-राजकुमारी जैन तथा मानस्तंभ के पेड़े का उद्घाटन गुणमाला, संजय-अंजू पाटनी द्वारा किया जाएगा।

दोपहर 1:30 बजे गगनचुंबी मानस्तंभ का प्रथम महामस्तकाभिषेक शुरू होगा। हरकचंद-लाड देवी वैद परिवार प्रथम मुख्य कलशकर्ता, राकेश-पवन-रीना चांदवाड़ द्वितीय मुख्य कलशकर्ता, राजेश-संगीता काला तृतीय कलशकर्ता तथा अनिल-उर्मिला जैन, हिंगोनिया वाले, चतुर्थ कलशकर्ता रहेंगे। शाम 4 बजे आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के मंगल प्रवचन होंगे और शाम 7 बजे आनंद यात्रा निकाली जाएगी।

शांति चांदवाड़ एवं अनिल पाटोदी ने बताया कि आयोजन का मुख्य आकर्षण मानस्तंभ पर पुष्पवर्षा एवं कुबेर इंद्र द्वारा रत्नवृष्टि के दृश्य रहेंगे। आयोजन में चाकसू के यंग दिगम्बर जैन मंडल के सदस्य अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

आयोजन समिति द्वारा चाकसू विधायक रामावतार बैरवा, नगरपालिका चेयरमैन पुष्पा देवी, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, थानाधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य श्रेष्ठीजनों को आमंत्रित किया गया है। दो दिवसीय आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। दोनों दिन साधर्मी बंधुओं के लिए कोटखावदा जैन समाज की ओर से सामूहिक वात्सल्य सहभोज की व्यवस्था भी रहेगी।

— विनोद जैन कोटखावदा

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar